बिहार में मंगलवार को आकाशीय बिजली गिरने से छह जिलों में 15 लोगों की मौत हो गई। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस घटना पर दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजन को आपदा राहत कोष से 4-4 लाख रुपये मुआवजा देने का एलान किया है।
आपदा विभाग के मुताबिक, गोपालगंज में 3, भोजपुर में 3, रोहतास में 3, सारण में 2, कैमूर में 2 और वैशाली में 2 लोगों की मौत हुई है। सीएम नीतीश कुमार ने लोगों से अपील की है कि सभी लोग खराब मौसम में पूरी सतर्कता बरतें। अकाशीय बिजली से बचाव के लिए आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा समय-समय पर जारी किए गए सुझावों का अनुपालन करें। खराब मौसम में घरों में रहें और सुरक्षित रहें।
बता दें कि बीते कुछ महीनों में आकाशीय बिजली गिरने की वजह से कई लोगों की जान जा चुकी है। बताया जा रहा है कि क्लाइमेट चेंज की वजह से इतनी जानलेवा आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं हो रही हैं।