बिहार के बाढ़ रेलवे स्टेशन के पास हाईटेंशन तार लगाने का काम चल रहा था। इसी दौरान लोहे की सीढ़ी तार की चपेट में आ जाने से १० मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। मौके पर मौजूद लोगों ने रेलवे स्टेशन पर प्रदर्शन किया और तोड़फोड़ की। सभी घायलों को पहले बाढ़ के अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद पीएमसीएच रवाना कर दिया गया। सभी मजदूरों की हालत नाजुक बनी हुई है। घायल मजदूरों में ज्यादातर झारखंड के धनबाद जिले के निवासी हैं।
बाढ़ रेलवे स्टेशन के पश्चिमी बेढ़ना गुमटी के पास हाईटेंशन तार लगाने का काम किया जा रहा था। इसी दौरान लोहे की सीढ़ी तार पर गिर गई और मजदूर तार की चपेट में आ गए। करेंट के चलते पहले तो वहां मौजूद लोगों को इन्हें बचाने का साहस ही नहीं हुआ। थोड़ी देर बाद घायलों को वहां से अलग किया गया। मजदूरों को आनन-फानन में पास के अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां हालत नाजु होने के कारण प्राथमिक इलाज के बाद सभी को पीएमसीएच रेफर कर दिया गया।
घायल मजदूरों में गोलू (25), राजू (24), रवि (29), संजय (25), सुधीर (23), गणेश (28), सत्येंद्र (26), गुरुदास (23), राजकुमार (18), और फूलचंद (20) हैं। दो मजदूर निजी अस्पताल में इलाज करा रहे हैं। घटना के बाद बाढ़ के अनुमंडल दंडाधिकारी सज्जन, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कमलाकांत प्रसाद और कई थाने की पुलिस मौके पर पहुंच चुकी है।