दुनिया में रुलाने वाले तो काफी मिल जाते हैं, लेकिन हंसाने वाले बहुत कम। क्योंकि रुलाना आसान है, लेकिन किसी के चेहरे पर मुस्कान लाना बहुत मुश्किल। यह कहना है पंजाबी फिल्मों में कॉमेडी के जाने माने अभिनेता बिन्नू ढिल्लों का। वह इन दिनों अपने पसंदीदा पर्यटन स्थल कसौली की वादियों में घूमने पहुंचे हैं।
उन्होंने कहा कि कसौली को सबसे पसंदीदा पर्यटन स्थल मानता हूं। जैसी यहां की शुद्ध आबोहवा है, वैसे ही शुद्ध यहां के लोग। वह पटियाला में रहते हैं। बिन्नू ने बताया कि उन्हें एक्टिंग का जुनून बचपन से ही था और शरारतें करने में आगे थे।
उनका मानना है कि हर किसी में कोई न कोई कला छिपी होती है। लेकिन कोई पहचान लेता है और कोई उस प्रतिभा को पहचान नहीं पाता। बिन्नू ढिल्लों ने थियेटर और टीवी में पोस्ट ग्रेजुएशन भी किया है।
विलेन से बन गया कॉमेडियन- बातचीत में बिन्नू ने बताया कि उन्होंने फिल्मों में बतौर विलेन अपने कॅरियर की शुरुआत की थी लेकिन विलेन से कॉमिक विलेन की इमेज बन गई और फिर पूरी तरह कॉमेडियन ही बन गया।
पहले के दौर में पंजाबी फिल्में लाखों रुपये में बन जाती थीं और आज के पंजाबी सिनेमा में फिल्मों को बनाने पर करोड़ों खर्चे जा रहे हैं। वर्तमान में पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री ग्रो कर रही है और बालीवुड के एक्टर भी पंजाबी फिल्मों का हिस्सा बन रहे हैं।
इन फिल्मों में किया दमदार अभिनय- उनकी दमदार फिल्मों में शहीदे आजम, कैरी ऑन जट्टा, मिट्टी वाजां मारदी, मिस्टर एंड मिसेज 420, सिंह वर्सेज कौर, लक्की दी अनलक्की स्टोरी, रंगीले, जट इन गोलमाल, नॉटी जट्स,
जट एयरवेज, इश्क ब्रांडी, ओह माय प्यो, आ गए मुंडे यूके दे, मुंडे कमाल दे और हालिया रिलीज हुई चन्नों कमली यार दी है। आने वाली फिल्मों में वह 11 मार्च को रिलीज हो रही अमरेंद्र गिल के साथ लव पंजाब फिल्म, जबकि दलजीत के साथ अंबरसरिया में नजर आएंगे।