जून में रिलीज होने वाली डांस में मेरी लग गई फिल्म में शहर के युवा कलाकार का हुनर दिखेगा। बल्लभगढ़ निवासी किसान के बेटे नितिन का चयन इस फिल्म में बतौर डांसर हुआ है।
इस फिल्म में वे बॉलीवुड स्टार शक्ति कपूर, रज्जा मुराद, अमन वर्मा व समाशी वर्मा के साथ ठुमके लगाते नजर आएंगे। इस फिल्म के डायरेक्टर सैयद समीर अली व कॉरियोग्राफर अमर दीप सिंह है।
नितिन ने बताया कि हाल ही में उत्तर प्रदेश के जिले रामपुर में समृद्धि भूमि फिल्म प्रोडेक्शन हाऊस की ओर से एक ऑडिशन आयोजित हुआ था, जिसमें देशभर से करीब 12 हजार प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
इस फिल्म में चयन की खबर उन्हें शनिवार को मिली। इससे उनके घर में खुशी का माहौल है। नितिन अभी रोहतक स्थित डीन बंधू सर छोटूराम पॉलीटेक्निक कॉलेज से आर्किटेक्चर में डिप्लोमा कर रहे है।
उनका लक्ष्य वॉलीबुड की दुनिया में अच्छा भविष्य तराश कर घर की आर्थिक स्थिति को मजबूत करना है। उन्होंने अपनी इस कामियाबी का श्रेय अपने भाई राधेश्याम को दिया है।
नितिन ने बताया कि उन्होंने भाई से प्रेरणा लेकर ही इस क्षेत्र में अपना भविष्य संवारना शुरू किया। नितिन का कहना है कि गलतियों से सीखकर आगे बढने वालों को मंजिल मिल ही जाती है।