अमेरिका में पिछले साल किसी भी अन्य ब्रांड के वाहन चालकों की तुलना में टेस्ला कार चालकों के ज्यादा दुर्घटनाओं में शामिल होने का पता चला है। लेंडिंग ट्री द्वारा किए गए एक नए अध्ययन के मुताबिक, 14 नवंबर 2022 से 13 नवंबर 2023 के बीच, टेस्ला चालकों ने प्रति 1,000 चालकों पर 23.54 दुर्घटनाएं कीं। टेस्ला चालकों के बाद राम (22.76) और सुबारू (20.90) प्रति 1,000 चालकों पर दुर्घटनाओं में शामिल पाए गए।
इस बीच, पोंटियाक (8.41), मर्करी (8.96) और सैटर्न (9.13) के चालकों की हादसों में सबसे कम भागीदारी हुई। ये आंकड़े 30 ब्रांडों की कारों का विश्लेषण करके निकाले गए।
शोधकर्ताओं ने पाया कि बीएमडब्ल्यू के चालक वाहन चलाते हुए नशे में सबसे ज्यादा पकड़े गए। नशे में वाहन चलाने के मामले प्रति 1,000 चालकों पर उनकी वार्षिक औसत लगभग 3 थी। जो दूसरे सबसे ज्यादा हादसों में शामिल होने वाले राम के ड्राइवरों की दर से लगभग दुगनी है।
नौ कार ब्रांड ऐसे थे जिनके चालकों की नशे में गाड़ी चलाने की दर 1.00 से कम थी। विश्लेषण अवधि में उन 9 में से, मित्सुबिशी (0.89), वोल्वो (0.92), मर्करी (0.93) और किआ (0.93) के चालकों की नशे में गाड़ी चलाने की दर सबसे कम थी।
लेंडिंग ट्री ने कहा कि यह निश्चित रूप से कहना मुश्किल है कि कुछ ब्रांडों की दुर्घटना दर ज्यादा क्यों हो सकती है। हालांकि, ऐसे संकेत हैं कि कुछ तरह के वाहन कुछ अन्य तरह की तुलना में जोखिम लेने वाले चालकों को ज्यादा आकर्षित करते हैं।
लेंडिंग ट्री के बीमा विशेषज्ञ और लाइसेंसधारी बीमा एजेंट रॉब भट्ट ने कहा, 'जो लोग मिनी वैन चलाते हैं, उनमें से ज्यादातर शहर में अपने बच्चों को सुरक्षित रूप से घुमाने में ज्यादा दिलचस्पी रखते हैं, बजाय इसके कि वे ज्यादा हॉर्सपावर वाले वाहन में तेजी से दौड़ लगाएं।'"
रॉब भट्ट ने आगे कहा, "इस बात से परे कि आप किस तरह का वाहन चलाते हैं, गाड़ी चलाते समय जिम्मेदार होना सबसे महत्वपूर्ण है। अगर आप दुर्घटना के आंकड़े देखेंगे, तो आप पाएंगे कि तेज रफ्तार, नशे में गाड़ी चलाना और फोन देखना जैसी आदतें कार दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों में से हैं। ये सभी ऐसी आदतें हैं जिन्हें आप कंट्रोल कर सकते हैं।"
इस महीने की शुरुआत में, एलन मस्क की टेस्ला ने एलान किया कि वह अमेरिका में बेचे गए अपने 20 लाख से ज्यादा मॉडलों को वापस मंगा रही है। यह फैसला राष्ट्रीय राजमार्ग यातायात सुरक्षा प्रशासन (NHTSA) द्वारा उठाए गए सुरक्षा चिंताओं के बाद लिया गया है।
यह रिकॉल NHTSA के दो साल लंबे अन्वेषण के बाद हो रही है, जिसमें टेस्ला वाहनों की कई दुर्घटनाओं की जांच की गई। जिनमें से कुछ दुर्घटनाएं घातक थीं। जो तब हुईं जब आंशिक ऑटोमैटेड ड्राइविंग सिस्टम ऑटोपायलट चालू था।