टाटा मोटर्स ने अपने नए मॉडल टाटा सिएरा को मंगलवार को धमाकेदार लॉन्चिंग के साथ भारतीय बाजार में उतार दिया है। इसकी कीमत 11.49 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) से शुरू होती है। टाटा सिएरा खास बात यह है कि यह फोर्ड इंडिया के पुराने साणंद प्लांट से तैयार होकर लॉन्च होने वाली टाटा मोटर्स की पहली एसयूवी है। टाटा मोटर्स ने 2024 की शुरुआत में साणंद प्लांट पर अपना परिचालन शुरू किया था।
टाटा के साणंद प्लांट की उत्पादन क्षमता 3.3 लाख यूनिट प्रति वर्ष है और सिएरा के उत्पादन से यह क्षमता अब लगभग 100 प्रतिशत तक उपयोग में आ जाएगी। यह वही प्लांट है, जहां अभी तक फेसलिफ्टेड नेक्सन आईसीई और ईवी वेरिएंट तैयार हो रहे थे। अब इस प्लांट में सिएरा के लिए पूरी तरह से नए वेल्ड शॉप और इंफ्रास्ट्रक्चर को भी अपग्रेड किया गया है।
ये भी पढ़े: McKinsey on Gen AI: नई रिपोर्ट से सामने आया जेन एआई का महत्व, ऑटो फाइनेंस और लीजिंग सेक्टर में बड़ी बचत संभव
हम आकर्षक नहीं, प्रीमियम खिलाड़ी हैं
मध्यम आकार की एसयूवी कैटेगरी भारत में कुल पैंसेजर व्हीकल मार्केट का लगभग 15 प्रतिशत हिस्सा है। इस सेगमेंट में ह्यूंदै क्रेटा और मारुति ग्रैंड विटारा जैसी गाड़ियों का दबदबा रहा है। अब टाटा भी इस सेगमेंट में धमाल मचाने को तैयार है। टाटा पैसेंजर व्हीकल के सीईओ व एमडी शैलेश चंद्रा ने साफ संकेत दिया है कि हम आकर्षक खिलाड़ी नहीं, प्रीमियम खिलाड़ी बनकर उतर रहे हैं। कंपनी का लक्ष्य है कि सिएरा की लॉन्चिंग के बाद कंपनी की एसयूवी मार्केट हिस्सेदारी 16% से बढ़कर 20-25% पर पहुंच जाएगी।
ये भी पढ़े: Dharmendra First Car: धर्मेंद्र और उनकी पहली कार की भावुक कहानी, Fiat 1100 से जुड़ी यादें, देखें वीडियो
2027 तक इलेक्ट्रिक वर्जन लाने की तैयारी में
सिएरा को 1.5L बीएस6 डीजल इंजन व दो नए 1.5L पेट्रोल इंजन के साथ लॉन्च किया गया है। साथ ही 2027 में सिएरा अपना इलेक्ट्रिक वर्जन लाने की तैयारी में भी है। टाटा का दावा है कि वह आठ हजार से दस हजार यूनिट प्रति माह बेचने का लक्ष्य रखती है। यानी की साल में करीब एक से डेढ़ लाख यूनिट। कंपनी के अनुसार, सिएरा उनके लिए इंजीनियरिंग, प्लेटफॉर्म, सप्लाई चेन और प्लांट एक्सपैंशन के लिहाज से अब तक का सबसे बड़ा प्रोजेक्ट रहा है।