Mountains Car Driving AC Rules: अधिकतर जगहों पर गर्मी की छुट्टी शुरू हो गई है, ऐसे में कई लोगों का हिल स्टेशन पर जानें का प्लान होता है। कुछ ऐसे भी होते हैं, जो अपनी खुद की कार से जाना पसंद करते हैं, लेकिन बहुत लोगों को नहीं पता होता कि पहाड़ी रास्तों पर जाते समय गाड़ी का एसी चालू रखना चाहिए या बंद कर देना चाहिए, जानिए इस लेख में पहाड़ों पर ड्राइविंग के दौरान AC और गियर इस्तेमाल से जुड़े कुछ जरूरी टिप्स।
Hill Station Driving Tips: गर्मियों की छुट्टियों में बड़ी संख्या में लोग हिल स्टेशन जैसे शिमला, मनाली, नैनीताल और मसूरी जैसे जगहों पर जाना पसंद करते हैं। कई लोग रोड ट्रिप का मजा लेने के लिए अपनी कार से पहाड़ों पर जानें की दिलचस्पी रखते हैं। हालांकि पहाड़ी रास्तों पर ड्राइविंग मैदानों से काफी अलग मानी जाती है। खासतौर पर खड़ी चढ़ाई के दौरान कार का AC चालू रखना चाहिए या बंद? यह सवाल लगभग हर ड्राइवर के मन में आता है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि पहाड़ों पर ड्राइविंग के दौरान छोटी-सी गलती भी इंजन पर अतिरिक्त दबाव डाल सकती है।
विज्ञापन
Hill Station Driving Tips: आखिर क्या करना चाहिए?
देखिए, जब कार पहाड़ों पर खड़ी चढ़ाई चढ़ती है, तब इंजन को सामान्य से ज्यादा ताकत लगानी पड़ती है। ऐसे में अगर एसी चालू है, तो इंजन पर अतिरिक्त लोड बढ़ जाता है। यही वजह है कि एक्सपर्ट्स कठिन और लंबी चढ़ाई के दौरान एसी बंद करने की सलाह देते हैं। इससे इंजन को बेहतर पावर मिलती है और कार आसानी से ऊपर चढ़ पाती है।
AC बंद करने से क्या फायदे होते हैं?
पहाड़ों पर जरूरत पड़ने पर एसी बंद करने से कई फायदे मिल सकते हैं। जैसे इससे इंजन की परफॉर्मेंस बेहतर रहती है और गाड़ी की पिकअप भी सुधरती है। इसके अलावा इंजन ओवरहीट होने का खतरा कम हो जाता है। कई मामलों में ईंधन की खपत भी थोड़ी कम हो सकती है, जिससे माइलेज बेहतर मिलता है।
विज्ञापन
हर कार में स्थिति अलग हो सकती है
यह पूरी तरह कार के इंजन और पावर पर भी निर्भर करता है। पेट्रोल और डीजल कारों में हल्की चढ़ाई पर एसी चलाने से ज्यादा दिक्कत नहीं होती, लेकिन बहुत ज्यादा खड़ी चढ़ाई पर एसी बंद रखना ज्यादा सुरक्षित माना जाता है। वहीं, सीएनजी कारों में यह और भी जरूरी हो जाता है, क्योंकि CNG गाड़ियों की पिकअप आमतौर पर कम होती है।
सही गियर का इस्तेमाल भी बेहद जरूरी
पहाड़ों पर ड्राइविंग करते समय सिर्फ एसी ही नहीं, सही गियर का इस्तेमाल भी बहुत जरूरी होता है। एक्सपर्ट्स सलाह देते हैं कि चढ़ाई और ढलान दोनों जगह लोअर गियर यानी 1st, 2nd या 3rd गियर का इस्तेमाल करना चाहिए। इससे इंजन को पर्याप्त ताकत मिलती है और ब्रेक पर ज्यादा दबाव नहीं पड़ता। वहीं, कुछ एक्सपीरियंस ड्राइवर कहते हैं कि अगर पहाड़ों पर चढ़ते समय गाड़ी में पावर कम महसूस हो रही हो या इंजन ज्यादा स्ट्रेस में लगे, तो तुरंत एसी बंद कर देना चाहिए। इससे इंजन को राहत मिलती है और कार ज्यादा स्मूद तरीके से चढ़ाई पूरी कर पाती है।