भारतीय स्टार्टअप क्वांटम एनर्जी की ओर से बिजनेस टू बिजनेस ग्राहकों के लिए नया इलेक्ट्रिक स्कूटर भारतीय बाजार में लॉन्च किया गया है। हम इस खबर में आपको बता रहे हैं कि इस स्कूटर में क्या खूबियां हैं और इसे किस कीमत पर खरीदा जा सकता है।
लॉन्च हुआ स्कूटर
क्वांटम एनर्जी की ओर से बिजनेस इलेक्ट्रिक स्कूटर को भारतीय बाजार में लॉन्च किया है। यह स्कूटर मुख्य रूप से बी2बी ग्राहकों के लिए बनाया गया है। कंपनी के मुताबिक कमर्शियल डिलीवरी के लिए यह एक आदर्श स्कूटर है।
कितनी दमदार मोटर और बैटरी
स्कूटर में कंपनी की ओर से 1200 वॉट की पावर जनरेट करने वाली मोटर दी गई है। इसकी टॉप स्पीड 55 किलोमीटर प्रतिघंटा तक है। यह स्कूटर आसानी से जीरो से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड को आठ सेकेंड में हासिल कर लेता है। इसमें कंपनी ने एलएफपी बैटरी दी है, जिससे एक बार फुल चार्ज करने पर 130 किलोमीटर तक चलाया जा सकता है।
क्या हैं खूबियां
कंपनी की ओर से इस इलेक्ट्रिक स्कूटर में मजबूत कार्गो रैक, बड़े फ्लैट फुटबोर्ड, बेहतर हैडलैंप, 12 इंच लंबा व्हीलबेस दिया गया है। साथ ही रिमोट लॉक/अनलॉक, एंटी थेफ्ट अलार्म, यूएसबी चार्जर, डिस्क ब्रेक, एलसीडी डिस्प्ले जैसे फीचर्स भी मिलते हैं।
अधिकारियों ने क्या कहा
क्वांटन एनर्जी के निदेशक चेताना चुक्कपल्ली ने इस मौके पर कहा कि भारत में, दोपहिया वाहनों की सवारी करने वाले व्यक्तियों का बड़ा अनुपात परिवहन के अलावा अन्य उद्देश्यों के लिए ऐसा करता है, जिसमें सामान ले जाने से लेकर दो पहियों पर व्यवसाय चलाना शामिल है। बाजार के अभाव को पहचानते हुए, क्वांटम एनर्जी ने अपने ई - स्कूटर में विश्वसनीयता और सुरक्षा पर जोर देकर माइक्रो - मोबिलिटी उद्योग में नए बेंचमार्क स्थापित करने का इरादा रखते हैं। हमने बीज़नेस (Bziness) को कम लागत पर लॉन्च किया ताकि इसे ग्राहकों की एक विस्तृत श्रृंखला के लिए उपलब्ध कराया जा सके।
कितनी है कीमत
कंपनी की ओर से इस इलेक्ट्रिक स्कूटर को भारतीय बाजार में 99 हजार रुपये की एक्स शोरुम कीमत पर लॉन्च किया गया है। इसके साथ ही कंपनी इस स्कूटर पर तीन साल या 90 हजार किलोमीटर की बैटरी वारंटी भी देती है।