नई Mercedes-Benz E-Class को 2.0-लीटर पेट्रोल और डीजल के विकल्प के साथ उतारा गया है। पेट्रोल इंजन 197 hp का पावर और 320 Nm का टॉर्क जेनरेट करता है। वहीं डीजल पावरट्रेन 194 hp का अधिकतम पावर और 400 Nm का टॉर्क जेनरेट करता है। कार के ट्रांसमिशन विकल्प में 9जी-ट्रॉनिक 9-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स शामिल है। इसके अलावा, इसमें AMG वेरिएंट का 3.0-लीटर 6-सिलेंडर डीजल इंजन (350d) भी मिलता है, जो 286 hp का पावर और 600 Nm का पीक टॉर्क जेनरेट करता है।
नई E-Class को LWB फॉर्म में पेश किया जाना जारी है। कार के डिजाइन और लुक में कई बदलाव देखने को मिलते हैं। कार में फ्रंट लुक पहले की तुलना में स्पोर्टी और आक्रामक है। इसके साथ ही कार का रियर लुक काफी आकर्षक है। कार में किए गए नए बदलाव ब्रांड की मौजूदा डिजाइन लैंग्वेज के मुताबिक हैं। कार के लेटेस्ट अवतार में एक स्पोर्टियर एक्सटीरियर डिजाइन और कई नए फीचर्स दिए गए हैं। कार में अब नई एडेप्टिव एलईडी हेडलैंप और एलईडी टेललैंप्स मिलते हैं।
कार के इंटीरियर की बात करें तो इसमें लेटेस्ट MBUX सिस्टम के साथ एक नया 10.25 इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया गया है। इसके अलावा, 10.25 इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर भी मिलता है। दोनों स्क्रीन एक ही सीमलेस ग्लास पैनल पर लगे हैं जो केबिन को बहुत ही सुंदर, और मॉडर्न लुक देते हैं।
नई Mercedes-Benz E-Class फेसलिफ्ट मॉडल की भारत में एक्स-शोरूम कीमत 63.60 लाख रुपये से शुरू होती है, जो 80.9 लाख रुपये तक जाती है। Mercedes-Benz E-Class देश की सबसे लोकप्रिय लक्जरी कारों में से एक है। कंपनी ने 1995 में इसे पहली बार पेश किया था जिसके बाद से इसकी करीब 46,000 यूनिट्स की बिक्री करने में सफल रही है।
मर्सिडीज-बेंज ने वादा किया था कि साल 2021 में वह 15-मॉडल लॉन्च करेगी। और नई ई-क्लास की लॉन्चिंग भी इसी का हिस्सा है। इस बारे में आधिकारिक तौर पर घोषणा इस साल की शुरुआत में की गई थी। भारतीय बाजार में नई Mercedes-Benz E-Class फेसलिफ्ट कार का मुकाबला Audi A6 (ऑडी ए6), Jaguar XF (जगुआर एक्सएफ), BMW 5 Series (बीएमडब्ल्यू 5 सीरीज), Volvo S90 (वोल्वो एस90) और Lexus ES 300h (लेक्सस ईएस 300एच) जैसी प्रीमियम कारों से होगा।