ऑटो जगत के लिए जनवरी का आखिरी कुछ दिन और फरवरी की शुरूआत काफी खास रही। इस बीच सरकार ने जहां बजट में कई घोषणाएं कीं, वहीं कंपनियों की ओर से भी कई अपडेट सामने आए। बीते हफ्ते क्या खास रहा। आइए जानते हैं।
साल 2023 का पहला महीना खत्म हो गया है। जनवरी के आखिरी तीन दिन और फरवरी के शुरूआती चार दिन ऑटोमोबाइल जगत के लिए काफी कुछ नया लेकर आए। इस दौरान बजट भी पेश किया गया। जिसमें इस सेक्टर के लिए काफी कुछ एलान किए गए। वहीं दूसरी ओर कुछ कंपनियों की ओर से नए वाहनों को पेश किया गया तो कुछ ने भविष्य की तैयारियों की जानकारी को साझा किया। हम इस खबर में आपको 29 जनवरी से चार फरवरी के बीच ऑटोमोबाइल जगत की कुछ जानकारियों को साझा कर रहे हैं।
विज्ञापन
टोयोटा ने लॉन्च की सीएनजी हाईराइडर
2 of 15
Toyota Urban Cruiser Hyryder
- फोटो : Toyota
30 जनवरी को टोयोटा की ओर से मिड साइज एसयूवी हाईराइडर का सीएनजी वर्जन लॉन्च किया गया। कंपनी ने एसयूवी को दो वैरिएंट जी और एस में पेश किया। एस वैरिएंट की एक्स शोरुम कीमत 13.23 लाख रुपये और जी वैरिएंट की एक्स शोरुम कीमत 15.29 लाख रुपये रखी गई है।
टोयोटा किर्लोस्कर मोटर ने दिसंबर 2022 में अपनी बहुप्रतीक्षित मल्टी पर्पस व्हीकल टोयोटा इनोवा हाइक्रॉस एमपीवी को भारतीय बाजार में लॉन्च किया था। यह एक सेल्फ-चार्जिंग स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड इलेक्ट्रिक व्हीकल (एसएचईवी) है। अब टोयोटा ने इसकी डिलीवरी को 30 जनवरी से शुरू कर दिया है। एमपीवी की कीमत 18.30 लाख रुपये से शुरू होकर 28.97 लाख रुपये तक जाती हैं और इसमें कई वैरिएंट का विकल्प भी मिलता है। कंपनी की नई इनोवा को काफी अच्छा रिस्पांस मिला है।
हीरो मोटोकॉर्प की ओर से भारतीय बाजार में नया स्कूटर पेश किया गया। कंपनी ने जूम स्कूटर को कई खूबियों के साथ लॉन्च किया। इसका डिजाइन युवाओं को आकर्षित करने के लिए खासतौर पर डिजाइन किया गया है। इसके अलावा इसमें कई और खूबियों को भी जोड़ा गया है। जिससे यह स्कूटर 110 सीसी सेगमेंट में एक बेहतर स्कूटर बन जाता है। कंपनी ने इसे दो वैरिएंट में पेश किया। जूम स्कूटर की कीमत 68599, 71799 और 76699 रुपये एक्स शोरूम रखी गई है।
Budget 2023- Finance Minister Nirmala Sitharaman
- फोटो : Agency
एक फरवरी को देश का आम बजट पेश हुआ। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कई घोषणाएं कीं। लेकिन ऑटोमोबाइल सेक्टर के लिए भी कुछ सौगात बजट से मिलीं। बजट में इलेक्ट्रिक वाहनों और बैटरी के दाम कम करने की घोषणा के साथ ही विदेश से आने वाली लग्जरी कारों पर टैक्स बढ़ाने का एलान भी किया। इसके अलावा व्हीकल रिप्लेसमेंट पॉलिसी पर सरकार ने बताया कि केंद्र ने अपने और राज्यों के सरकारी वाहनों को बदलने के लिए बजट में रुपये का प्रावधान किया है। जिससे ऑटोमोबाइल सेक्टर को बूस्ट मिलेगा।
साउथ कोरियाई कार कंपनी ह्यूंदै की ओर से दो फरवरी को एलान किया गया कि कंपनी ने अपनी एसयूवी सेगमेंट के तीन वाहनों को अपडेट किया है। अपडेट में तीनों एसयूवी के इंजन को आरडीई सक्षम बनाया गया है। इसके अलावा कई सेफ्टी और फीचर्स में भी अपडेट तीनों एसयूवी में दिए गए हैं। इसके अलावा कंपनी ने अपने वाहनों की कीमतों में भी बढ़ोतरी की है।
देश की सबसे बड़ी कार निर्माता मारुति ने जनवरी में ऑटो एक्सपो 2023 के दौरान दो एसयूवी को पेश किया था। इनमें जिम्नी और फ्रॉन्क्स एसयूवी के लिए बुकिंग भी 12 जनवरी से शुरू कर दी गई थीं। महीने के आखिरी तक कंपनी को दोनों ही एसयूवी के लिए काफी अच्छी बुकिंग्स मिल गई थीं। कंपनी को जिम्नी के लिए अब तक करीब 15 हजार से ज्यादा और फ्रॉन्क्स के लिए करीब 5500 से ज्यादा बुकिंग्स मिल चुकी हैं।
ओला की ओर से भी जानकारी दी गई है कि कंपनी नौ फरवरी को दोपहर दो बजे बड़ा धमाका करने की तैयारी कर रही है। कंपनी की ओर से सोशल मीडिया पर एक फोटो पोस्ट की गई। जिसके बैकग्राउंड में एक स्कूटर दिखाई दे रहा है। उम्मीद की जा रही है कि कंपनी नौ फरवरी को एक और सस्ता स्कूटर पेश कर सकती है। फिलहाल कंपनी की ओर से बाजार में तीन स्कूटर ऑफर किए जा रहे हैं।
देश की प्रमुख एसयूवी बनाने वाली कंपनी महिंद्रा की ओर से भी इस बात की जानकारी बीते हफ्ते में दी गई कि कंपनी आने वाली 10 फरवरी को हैदराबाद में एक कार्यक्रम का आयोजन करेगी। इस कार्यक्रम में कंपनी की ओर से भविष्य की उन इलेक्ट्रिक कारों को दिखाया जाएगा, जिन्हें कंपनी ने ब्रिटेन में डिजाइन और बनाया है। आने वाले समय में इन सभी एसयूवी को भारतीय बाजार में लॉन्च भी किया जाएगा। कंपनी आने वाले समय में कई इलेक्ट्रिक कारों को भारतीय बाजार में पेश करने वाली है।
फ्रेंच कार कंपनी रेनो की ओर से भी अपने वाहनों को अपडेट दिया गया है। कंपनी ने अपने तीनों वाहनों के इंजन को आरडीई के लिए सक्षम बना दिया है। इसकी जानकारी कंपनी की ओर से दो फरवरी को दी गई। कंपनी मौजूदा समय में क्विड, ट्राइबर और काइगर जैसे वाहनों को भारतीय बाजार में पेश करती है।
जापानी कार कंपनी होंडा की ओर से अपनी सभी कारों पर बेहतरीन डिस्काउंट ऑफर किया जा रहा है। कंपनी की ओर से डिस्काउंट को पूरे फरवरी में दिया जाएगा। कंपनी अधिकतम 72 हजार रुपये से ज्यादा का डिस्काउंट दे रही है। इनमें एक्सचेंज डिस्काउंट और बोनस, कॉर्पोरेट डिस्काउंट, कैश डिस्काउंट, एक्सेसरीज पर डिस्काउंट जैसे ऑफर मिल रहे हैं।
टाटा की ओर से देश की सबसे सस्ती इलेक्ट्रिक कार टियागो ईवी की डिलीवरी को शुरू किया गया। कंपनी ने तीन फरवरी को देश के कई प्रमुख शहरों में दो हजार ईवी को डिलीवर किया। टियागो देश की सबसे सस्ती इलेक्ट्रिक कार है, जिसकी डिलीवरी भी शुरू हो गई है। कंपनी ने इसे 8.49 लाख रुपये की विशेष कीमत पर पेश किया था।
अब तक स्मार्ट फोन और स्मार्ट टीवी बनाने वाली कंपनी शाओमी की ओर से जल्द ही इलेक्ट्रिक कार को भी पेश किया जा सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सोशल मीडिया पर एक कार की फोटो वायरल हो रही है, जिसे शाओमी की पहली इलेक्ट्रिक कार बताया जा रहा है। हालांकि कंपनी की ओर से इलेक्ट्रिक कार लाने की तैयारी पहले से की जा रही है लेकिन अभी तक कोई ठोस अपडेट नहीं मिल पाया है।
टोयोटा की ओर से बीते हफ्ते में जहां हाईराइडर का सीएनजी वर्जन पेश किया गया। वहीं कंपनी ने प्रीमियम हैचबैक ग्लैंजा और मिड साइज एसयूवी हाईराइडर के स्ट्रॉन्ग हाईब्रिड वैरिएंट की कीमतों में बढ़ोतरी की। ग्लैंजा की कीमत में 12 हजार रुपये और हाईराइडर के स्ट्रॉन्ग हाईब्रिड वैरिएंट की कीमतों में 50 हजार रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है।
टाटा की ओर से नेशनल एक्सचेंज कॉर्निवल की शुरूआत भी चार फरवरी से की गई। कंपनी इस कॉर्निवल को 15 फरवरी तक चलाएगी। इस दौरान कुछ खास मॉडल्स पर कंपनी की ओर से 60 हजार रुपये का अतिरिक्त डिस्काउंट ऑफर किया जा रहा है। कंपनी भारत में टियागो, टिगोर, पंच, नेक्सन, अल्ट्रोज, हैरियर और सफारी जैसे वाहनों को ऑफर करती है।