इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर ब्रांड Joy e-Bike (जॉय ई-बाइक) की मूल कंपनी WardWizard Innovations and Mobility Ltd, वार्डविजार्ड इनोवेशन एंड मोबिलिटी लिमिटेड ने एक नया इलेक्ट्रिक स्कूटर पेश किया है, जिसे 12 जनवरी को ऑटो एक्सपो 2023 में लॉन्च किया जाएगा। वाहन निर्माता अपनी इलेक्ट्रिक रेंज के लिए जाना जाता है, जिसमें इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल और इलेक्ट्रिक स्कूटर शामिल हैं।
कैसा होगा नया वाहन
नया Joy e-Bike इलेक्ट्रिक वाहन कैसा होगा, फिलहाल इसका खुलासा नहीं हुआ है क्योंकि कंपनी ने अभी इसे पर्दे में रखा है। लेकिन सिल्हूट से अंदाजा लगता है कि यह एक रेट्रो-थीम वाला वेस्पा-स्टाइल स्कूटर जैसा हो सकता है। टीजर से यह भी अंदाजा मिलता है कि स्कूटर में अलॉय व्हील्स, एलईडी हेडलैंप यूनिट के साथ रियर व्यू मिरर्स, फ्रंट एप्रन और साइड पैनल्स समेत काफी सारे क्रोम बिट्स दिए गए हैं। टीजर इमेज के मुताबिक मॉडल में फ्रंट डिस्क ब्रेक मिलने की भी संभावना है।
Joy e-bike Gen Next Nanu+
- फोटो : For Reference Only
अनुमानित कीमत
कंपनी ने फिलहाल अपने आगामी स्कूटर के मैकेनिकल डिटेल्स का खुलासा नहीं किया है। लेकिन ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि आगामी पेशकश एक हाई-स्पीड स्कूटर है और इसकी कीमत लगभग 1 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के आसपास हो सकती है। इस प्राइस पॉइन्ट पर यह मॉडल भारतीय बाजार में Okinawa (ओकिनावा), Ampere (एम्पीयर) और Ola S1 Air (ओला एस1 एयर) जैसे अन्य इलेक्ट्रिक स्कूटरों को टक्कर देगा।
Joy e-bike Wolf+
- फोटो : Joy e-bike
बिक्री के आंकड़े
इस अलावा अन्य खबरों में, जॉय ई-बाइक ने दिसंबर 2022 में 5,400 यूनिट्स की बिक्री की। जिससे दिसंबर 2021 में बेची गई 3,860 यूनिट्स की तुलना में 40 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। कंपनी ने जनवरी और दिसंबर 2022 के बीच कैलेंडर वर्ष को 43,914 यूनिट्स के सकारात्मक आंकड़ों के साथ बंद किया। 2021 में इसी अवधि के दौरान बेची गई मामूली 18,963 यूनिट्स की तुलना में 131.6 प्रतिशत की दो गुना वार्षिक बढ़ोतरी दर्ज की गई। पिछले वर्ष भी निर्माता ने अपने आक्रामक विकास योजनाओं के मुताबिक अपने डीलर नेटवर्क का विस्तार किया।