गर्मी दिनोंदिन बढ़ती जा रही है। ऐसे में अपनी कार के एयर कंडीशनिंग (एसी) सिस्टम को मेनटेन रखना बहुत जरूरी है। भले ही आप ट्रैफिक जाम में फंसे नहीं रहना चाहते। लेकिन अगर ऐसी स्थिति बन जाती है, जहां तेज धूप कार की लोहे की छत पर पड़ रही हो और आपकी एसी इतनी गर्मी बर्दाश्त न कर पाए। तब उस स्थिति को झेल पाना बहुत मुश्किल हो जाएगा। कुछ आसान टिप्स अपनाकर आप कार की एसी को मेनटेन रख सकते हैं। जानें ऐसे 5 टिप्स।
नियमित रूप से एसी चलाएं
भारतीय कार मालिकों के बीच एक आम आदत है कि वे अपनी कारों में एसी का नियमित रूप से इस्तेमाल नहीं करते हैं। ऐसा करने का एक बड़ा कारण ये मानना है कि एसी के ज्यादा इस्तेमाल से फ्यूल की खपत बढ़ जाती है। हालांकि, ये गलत है। एसी को रोजाना इस्तेमाल करने से उसके सभी पुर्जे चलते रहते हैं। और अगर कोई समस्या होती है, तो वही जल्दी पकड़ में आ जाती है, जिसे आप ठीक करवा सकते हैं।
ऐसे चलाएं एसी
इसके अलावा, हफ्ते में एक बार 10 मिनट के लिए AC को सबसे ठंडी सेटिंग पर और सबसे तेज फैन स्पीड पर डीफ्रॉस्ट मोड में चलाना चाहिए। इससे गैस का प्रेशर सही रहता है, कम्प्रेसर ठीक से चलता रहता है, नमी बाहर निकलती रहती है और फफूंदी नहीं लगती।
गाड़ी को पहले से ठंडा न करें
हालांकि गाड़ी को पहले से ठंडा करना फैशन में है और इसे एक अतिरिक्त सुविधा माना जाता है। लेकिन यह बिल्कुल भी सही नहीं है। कार का एयर कंडीशनिंग सिस्टम सबसे ज्यादा बेहतर तरीके से तब चलता है जब गाड़ी चल रही हो। अगर बहुत गर्मी के दिन कार धूप में खड़ी रहने से गर्म हो गई है, तो गाड़ी चलाना शुरू करने के बाद फैन को तेज कर दें। और सिर्फ 10 से 20 सेकंड के लिए पीछे की सीटों की खिड़कियां खोलकर गर्म हवा निकाल दें। साथ ही, इसे लंबे समय तक पूरी तरह से तेज चलाने से भी बचें।
एयर फिल्टर को साफ करें या बदलें
कार के एयर फिल्टर को समय-समय पर साफ करने की जरूरत होती है। क्योंकि हर बार गाड़ी निकालने पर उसमें धूल और मिट्टी जमा हो जाती है। यह फिल्टर आमतौर पर डैशबोर्ड के नीचे होता है और सामान्य सर्विस चेक-अप के दौरान इसे वैक्यूम से भी साफ किया जाना चाहिए। अगर ये बहुत गंदा हो गया है, तो इसे बदलकर नया एयर फिल्टर लगाना ही बेहतर होता है।
हवा के रि-सर्कुलेशन से बचें
अगर कार में पीछे बैठने वाले लोग हैं तो एयर कंडीशनर को रि-सर्कुलेशन मोड में इस्तेमाल करने से बचें। रि-सर्कुलेशन मोड गाड़ी के सामने से हवा खींचता है और उसे फिर से ठंडा करता है। जो गाड़ी के आगे बैठे लोगों के लिए तो ठीक है, लेकिन पीछे के लोगों के लिए हवा को बासी और गर्म बना सकता है।
गाड़ी को साफ रखें
ये बहुत आम बात लगती है। लेकिन कार को साफ रखना, खासकर उसके अंदर की सफाई करना कार के अच्छे से चलने के लिए बहुत जरूरी है। गंदगी और बैक्टीरिया आपकी कार के एयर कंडीशनिंग सिस्टम को नुकसान पहुंचा सकते हैं। कार के अंदरूनी हिस्सों में लगी धूल को नियमित रूप से साफ करें और वैक्यूम क्लीन करें। साथ ही, यह भी सुनिश्चित करें कि किसी तरल पदार्थ के गिरने से गाड़ी की सीट या कारपेट मैट के नीचे नमी जमा न हो, जो कार की एसी यूनिट को खराब कर सकती है।