कार एग्जॉस्ट (साइलेंसर) टिप्स (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : Freepik
अक्सर कार धोते समय हम एग्जॉस्ट (साइलेंसर) को नजरअंदाज कर देते हैं। क्योंकि वे हमारी सीधी नजर में नहीं आते और उन तक पहुंचना थोड़ा मुश्किल होता है। अंदर कार्बन जमा होने से और बाहर धूल-मिट्टी लगने से ये काफी गंदे हो जाते हैं। हालांकि, इन्हें साफ करना और चमकदार बनाना बहुत आसान है। इसके लिए आपको उन्हीं टूल्स की जरूरत पड़ेगी जो आप आमतौर पर गाड़ी के पहियों को साफ करने के लिए इस्तेमाल करते हैं। सफाई के लिए आपको पानी, कार वॉश सोप (साबुन), ग्लव्स, तौलिया या कपड़ा, सफाई वाला ब्रश, मेटल पॉलिश और स्टील वूल चाहिए होगा।
कैसे करें सफाई?
सबसे पहले सामान्य कार वॉश सोप या व्हील क्लीनर से धुलाई शुरू करें। एक माइक्रोफाइबर कपड़े या तौलिये को साबुन वाले पानी में भिगोएं और गंदगी हटाने के लिए एग्जॉस्ट के अंदर और बाहर अच्छे से रगड़ें। टिप के अंदरूनी हिस्से को अच्छी तरह साफ करने के लिए ब्रश का इस्तेमाल करें। अगर गंदगी ज्यादा है, तो आप डीग्रीजर का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। धोते समय इस बात का खास ध्यान रखें कि पानी एग्जॉस्ट (साइलेंसर) के बहुत अंदर न जाए। खासकर अगर आप प्रेशर वॉशर का इस्तेमाल कर रहे हैं। पानी को हमेशा एक एंगल (टेढ़ा) पर स्प्रे करें।
अगर कपड़े से सफाई करने पर भी जिद्दी दाग न हटें, तो 000 या 0000 ग्रेड के 'फाइन स्टील वूल' का इस्तेमाल करें। वूल और टिप्स दोनों पर थोड़ा साबुन लगाएं और चमक वापस लाने के लिए कुछ मिनट तक रगड़ें। पाउडर-कोटेड या पेंट किए हुए एग्जॉस्ट टिप्स पर स्टील वूल का इस्तेमाल न करें। अगर आपकी कार में क्रोम एग्जॉस्ट टिप्स हैं, तो उन्हें चमकदार फिनिश देने के लिए मेटल पॉलिश लगाएं। एप्लीकेटर पर थोड़ी सी पॉलिश लें, इसे टिप्स पर रगड़ें और फिर माइक्रोफाइबर कपड़े से रगड़ कर चमकाएं।
एग्जॉस्ट को लंबे समय तक साफ कैसे रखें?
इतनी मेहनत से सफाई करने के बाद आप चाहेंगे कि यह चमक लंबे समय तक बनी रहे और आपको बार-बार सफाई न करनी पड़े। इसके लिए आप कुछ आसान तरीके अपना सकते हैं। सही प्रोडक्ट से धोने और पॉलिश करने के बाद, चमक को बरकरार रखने के लिए आप एक प्रोटेक्टिव ट्रीटमेंट लगा सकते हैं। कुछ लोग इसके लिए ग्रैफीन कोटिंग का इस्तेमाल करते हैं। आप सिरेमिक कोटिंग या व्हील सीलेंट का भी विकल्प चुन सकते हैं।
व्हील सीलेंट आमतौर पर रिम पर ब्रेक डस्ट और गंदगी को चिपकने से रोकने के लिए होते हैं, और ये एग्जॉस्ट टिप्स पर भी वही सुरक्षा प्रदान करते हैं। अपनी कार के एग्जॉस्ट की जांच और सफाई करने से पहले ग्लव्स (दस्ताने) जरूर पहनें। पॉलिश और सीलेंट में मौजूद केमिकल्स, ग्रीस, धूल और कार्बन आपके हाथों को नुकसान पहुंचा सकते हैं। और सबसे महत्वपूर्ण बात सफाई शुरू करने से पहले एग्जॉस्ट को पूरी तरह ठंडा होने दें।