अक्सर लोग पुराने बैंक खातों, म्यूचुअल फंड या किसी इंश्योरेंस पॉलिसी में पैसे लगाकर भूल जाते हैं और बाद में उन्हें ढूंढना एक बड़ा सिरदर्द बन जाता है। लेकिन अब तकनीक की मदद से आपका यह काम बहुत आसान होने वाला है। वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग (DFS) ने PSB अलायंस के साथ मिलकर एक नया ऑनलाइन प्लेटफॉर्म लॉन्च किया है।
इसका नाम कॉमन लैंडिंग पोर्टल फॉर अनक्लेम्ड फाइनेंशियल एसेट (Common Landing Portal for Unclaimed Financial Assets) है। इस वेबसाइट की मदद से आप घर बैठे अपने या अपने परिवार के उन पैसों का पता लगा सकते हैं। ये ऐसी लावारिस वित्तीय संपत्तियों होंगी जिन पर वर्षों से किसी ने दावा नहीं किया है।
पोर्टल का लिंक और खासियतें
इस नई सुविधा का लाभ उठाने के लिए आपको सिर्फ इस वेबसाइट पर जाना है:
- https://www.unclaimedassetsportal.in
इस एक ही प्लेटफॉर्म पर आप क्या-क्या सर्च कर सकते हैं?
बैंक डिपॉजिट: पुराने बैंक खातों में पड़े लावारिस पैसे।
इंश्योरेंस क्लेम: भूली हुई या पेंडिंग बीमा राशियां।
शेयर और डिविडेंड: स्टॉक मार्केट में निवेश किए गए पैसे जिनका कोई दावेदार नहीं है।
म्यूचुअल फंड: पुराने निवेश की जानकारी।
अब आपको अलग-अलग बैंकों या कंपनियों की वेबसाइट्स पर भटकने की जरूरत नहीं है, सब कुछ इसी एक यूनिफाइड प्लेटफॉर्म पर मिल जाएगा।
कब और कैसे हुआ लॉन्च?
इस पोर्टल को वित्तीय सेवा विभाग (DFS) के सचिव, एम नागराजू ने 29 मई 2026 को सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों (PSBs) की एक रिव्यू मीटिंग के दौरान लॉन्च किया। यह कदम सरकार के उस राष्ट्रव्यापी अभियान का हिस्सा है, जिसे 'आपकी पूंजी, आपका अधिकार' नाम दिया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य लोगों को जागरूक करना और उनके खोए हुए पैसों को उन तक वापस पहुंचाना है।
क्यों खास है यह पहल?
DFS सचिव के अनुसार, यह नया वेब पोर्टल आम नागरिकों की सुविधा के लिए डिजाइन किया गया है। डिजिटल इंडिया और विकसित भारत 2047 के विजन को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई यह वेबसाइट, फाइनेंशियल सिस्टम को और ज्यादा पारदर्शी और यूजर-फ्रेंडली बनाएगी। अगर आपको भी लगता है कि आपके परिवार का कोई पुराना निवेश कहीं अटका हुआ है तो आज ही इस पोर्टल पर जाकर सर्च करें।