कार खराब होने पर नगर निगम को नोटिस
- फोटो : AI
गाजियाबाद के साहिबाबाद इलाके में भारी बारिश के चलते जलभराव ने एक महंगी कार को खराब कर दिया। घटना 23 जुलाई की सुबह की है, जब सेक्टर-11 वसुंधरा निवासी अमित किशोर की Mercedes GLA 200D जलजमाव के कारण पानी में फंस गई और उसके बाद इंजन स्टार्ट नहीं हुआ। कार को लगभग दो घंटे तक पानी में फंसा रहने के बाद क्रेन से नोएडा स्थित सर्विस सेंटर ले जाया गया, जहां मरम्मत का खर्च करीब 5 लाख रुपये बताया गया है।
नगर निगम को भेजा लीगल नोटिस
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कार मालिक अमित किशोर ने इस नुकसान के लिए सीधे गाजियाबाद नगर निगम को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने नगर आयुक्त को लीगल नोटिस भेजकर जल निकासी व्यवस्था की खराब स्थिति को लेकर 5 लाख रुपये हर्जाने की मांग की है।
यह भी पढ़ें: खरीदनी है एडवेंचर बाइक और 2 लाख है बजट? तो आपको जरूर पसंद आएंगे ये दो ऑप्शन
नोटिस में कहा गया है कि नगर निगम ने म्युनिसिपल एक्ट, पब्लिक हेल्थ एक्ट और पर्यावरण संरक्षण कानूनों के तहत अपने कर्तव्यों का पालन नहीं किया है, जिससे आर्थिक, शारीरिक और मानसिक नुकसान हुआ है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि 15 दिनों के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो कानूनी कदम उठाया जाएगा।
नगर आयुक्त का जवाब
नगर आयुक्त विक्रमादित्य मलिक ने इस दावे को तथ्यों से साबित करने की बात कही है। नगर आयुक्त ने सवाल किया कि अगर जलभराव से कार खराब हुई, तो वहीं खड़ी दूसरी गाड़ियों को कुछ क्यों नहीं हुआ? उस दिन पूरे एनसीआर में भारी बारिश हुई थी, लेकिन ऐसी और कोई शिकायत सामने नहीं आई है।
यह भी पढ़ें: फ्रंट ब्रेक या रियर, टू-व्हीलर चलाते समय कौन सा ब्रेक पहले दबाना चाहिए?
60 लाख में खरीदी थी कार
रिपोर्ट के मुताबिक, अमित ने साल 2018 में मर्सिडीज कार को 60 लाख में खरीदा था। उन्होंने बताया कि कार पानी में डूबकर खराब होने से पहले कार अच्छी तरह चल रही थी। कार मालिक का दावा है कि कार जलजमाव के कारण पानी में डूबने से खराब हुई है। कार उस समय बंद हो गई जब वे दोपहर को अपने घर वापस जा रहे थे, जिसके बाद वह स्टार्ट नहीं हुई। सर्विस सेंटर ले जाने पर कार को ठीक करने का खर्च 5 लाख रुपये बताया गया।