टाटा मोटर्स की ओर से ऑटो एक्सपो 2023 में कई कारों का इलेक्ट्रिक वर्जन पेश किया जाएगा। सोशल मीडिया पर दी गई जानकारी के मुताबिक इनमें कई मौजूदा कारें भी शामिल होंगी और कुछ नई कारों को भी शामिल किया जाएगा।
देश की प्रमुख वाहन निर्माता टाटा मोटर्स के लिए ऑटो एक्सपो 2023 काफी खास रहेगा। सोशल मीडिया पर दी जानकारी के मुताबिक कंपनी एक्सपो के दौरान अपने कई मौजूदा वाहनों का इलेक्ट्रिक अवतार भी पेश करेगी। हम इस खबर में आपको बता रहे हैं कि कंपनी की ओर से ऑटो एक्सपो 2023 में किन मौजूदा कारों का इलेक्ट्रिक वर्जन लाया जा सकता है।
विज्ञापन
इलेक्ट्रिक अवतार में आएंगी ये कारें
2 of 6
For Reference Only
- फोटो : सोशल मीडिया
कंपनी की ओर से सोशल मीडिया पर एक टीजर शेयर किया गया है। इस टीजर को टाटा मोटर्स की इलेक्ट्रिक कार डिविजन की ओर से शेयर किया गया है। इसमें दिखाया गया है कि कंपनी ऑटो एक्सपो में कई इलेक्ट्रिक कारों को पेश करने की तैयारी कर रही है। इनमें पंच, अल्ट्रोज और सफारी जैसी कारें शामिल होंगी। इनके अलावा कंपनी इलेक्ट्रिक कारों के तौर पर कर्व और अविन्या को भी शोकेस करने की तैयारी कर रही है।
पंच कंपनी की मौजूदा आईसीई वाली कॉम्पैक्ट एसयूवी है। इसे भी एक्सपो में इलेक्ट्रिक अवतार में लाने की तैयारी हो रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी इसमें 2626 KWH की बैटरी दे सकती है जिससे एसयूवी को टिगोर इलेक्ट्रिक जितनी रेंज मिल पाएगी। इसे 55 किलोवॉट की मोटर दी जा सकती है जिससे 74 बीएचपी और 170 न्यूटन मीटर का टॉर्क मिलेगा। इस एसयूवी में भी कंपनी अपनी जिपट्रान तकनीक दे सकती है। उम्मीद की जा रही है कि पंच ईवी सिंगल चार्ज में करीब 300 किलोमीटर की रेंज ऑफर करेगी।
कंपनी की दूसरी इलेक्ट्रिक कार अल्ट्रोज होगी जिसे ऑटो एक्सपो में पेश करने की तैयारी की जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक इसमें 30.2 KWH की बैटरी को दिया जा सकता है। जिससे 350 किलोमीटर की रेंज मिल पाएगी। इस कार में कंपनी पीएमएस इलेक्ट्रिक मोटर दे सकती है जिससे कार को 129 पीएस और 245 न्यूटन मीटर का टॉर्क मिल पाएगा। अल्ट्रोज के इलेक्ट्रिक अवतार को कंपनी जिनेवा एक्सपो में तीन साल पहले पेश कर चुकी है।
कंपनी की ओर से सोशल मीडिया पर जो टीजर जारी किया गया है। उसमें एक एसयूवी की झलक भी दिखाई गई है। लेकिन अभी इलेक्ट्रिक सफारी या हैरियर में कितनी क्षमता की मोटर और बैटरी दी जा सकती है, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। अगर हैरियर या सफारी को इलेक्ट्रिक अवतार में लाया जाता है तो ग्राहकों के पास इलेक्ट्रिक सेगमेंट में सबसे ज्यादा विकल्प टाटा की ओर से आएंगे।
टाटा मोटर्स भारतीय बाजार में अभी नेक्सन, टिगोर और टियागो इलेक्ट्रिक की बिक्री करती है। इसमें टियागो को हाल में ही लॉन्च किया गया था। फिलहाल कंपनी इसकी बुकिंग ले रही है और कुछ समय पहले ही इसकी टेस्ट ड्राइव भी शुरू की गई है। उम्मीद की जा रही है कि कंपनी जनवरी में ही इलेक्ट्रिक टियागो की डिलीवरी शुरू कर देगी।