रिपब्लिकन राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कहा कि अगर वे चुने जाते हैं तो वे इलेक्ट्रिक वाहन खरीद के लिए 7,500 डॉलर के टैक्स क्रेडिट को खत्म करने पर विचार करेंगे। और वे टेस्ला के सीईओ एलन मस्क को कैबिनेट या सलाहकार की भूमिका में नामित करने के लिए तैयार होंगे।
यॉर्क, पेनसिल्वेनिया में एक अभियान कार्यक्रम के बाद मीडिया को दिए इंटरव्यू में ट्रंप ने ईवी क्रेडिट के बारे में पूछे जाने पर कहा, "टैक्स क्रेडिट और टैक्स इंसेंटिव आम तौर पर बहुत अच्छी बात नहीं है।"
यह पूछे जाने पर कि क्या वे मस्क को सलाहकार की भूमिका या कैबिनेट की नौकरी में नामित करने पर विचार करेंगे, ट्रंप ने कहा कि वे ऐसा करेंगे। ट्रंप ने कहा, "वे बहुत होशियार आदमी हैं। मैं निश्चित रूप से ऐसा करूंगा, अगर वे ऐसा करेंगे, तो मैं निश्चित रूप से ऐसा करूंगा। वे एक शानदार आदमी हैं।"
मस्क ने पिछले महीने सार्वजनिक रूप से अमेरिकी राष्ट्रपति पद की दौड़ में ट्रंप का समर्थन किया था। टेस्ला ने टिप्पणी के अनुरोध का तुरंत जवाब नहीं दिया।
अगर ट्रंप निर्वाचित होते हैं, तो वे ट्रेजरी विभाग के नियमों को उलटने के लिए कदम उठा सकते हैं। इन नियमों से वाहन निर्माताओं के लिए 7,500 डॉलर क्रेडिट का लाभ उठाना आसान हो गया है। या वे यू.एस. कांग्रेस से इसे पूरी तरह से निरस्त करने के लिए कह सकते हैं। राष्ट्रपति रहते हुए, ट्रंप ने ईवी टैक्स क्रेडिट को निरस्त करने की मांग की, जिसे बाद में 2022 में राष्ट्रपति जो बाइडन द्वारा विस्तारित किया गया।
ईवी टैक्स क्रेडिट के बारे में ट्रंप ने कहा, "मैं इस पर कोई अंतिम फैसला नहीं ले रहा हूँ। मैं इलेक्ट्रिक कारों का बहुत बड़ा प्रशंसक हूँ, लेकिन मैं गैसोलीन से चलने वाली कारों का भी प्रशंसक हूं, और हाइब्रिड और जो कुछ भी आता है, उसका भी।"
उन्होंने कहा कि वे बाइडन प्रशासन के नियमों को रद्द कर देंगे। जो वाहन निर्माताओं को सख्त उत्सर्जन मानकों को पूरा करने के लिए ज्यादा ईवी और प्लग-इन हाइब्रिड बनाने के लिए प्रेरित करेंगे। और उन्होंने कहा कि उन्हें लागत और बैटरी रेंज के मुद्दों के कारण ईवी के लिए "बहुत छोटा बाजार" दिखाई देता है।
ट्रंप ने सोमवार को यह भी कहा कि वे नए टैरिफ लगाकर मेक्सिको से डेट्रायट के तीन बड़े वाहन निर्माताओं (थ्री ऑटोमेकर्स) और अन्य द्वारा उत्पादित वाहनों के निर्यात को हतोत्साहित करने के लिए कदम उठाएंगे। और चीनी ऑटोमेकर्स को अमेरिकी बाजार के वाहनों के लिए मेक्सिको में नए प्लांट बनाने से रोकेंगे। जब वे राष्ट्रपति थे उस दौरान भी उन्होंने इसी तरह की धमकियां दी थीं।
ट्रंप ने कहा, "अगर आप उन कारों पर टैरिफ लगाते हैं, तो वे यहां बनेंगी। यह बहुत सरल है। यह जटिल नहीं है। यदि आप मेक्सिको से कहते हैं, 'देखो, तुम हमारे कार उद्योग को चुरा रहे हो,' जो वे अभी कर रहे हैं।"
लेकिन ट्रंप चीनी और अन्य ऑटोमेकर्स द्वारा संयुक्त राज्य अमेरिका में वाहन बनाने के लिए खुले हैं। ट्रंप ने कहा, "हम प्रोत्साहन देने जा रहे हैं, और अगर चीन और अन्य देश यहां आकर कारें बेचना चाहते हैं, तो वे यहां प्लांट बनाने जा रहे हैं, और वे हमारे श्रमिकों को काम पर रखने जा रहे हैं।" "हम अपनी कारें खुद बनाएंगे। मैं अपनी कारें खुद बनाना चाहता हूं।"
अन्य खबरों से, ट्रंप ने अल्फाबेट के गूगल की कड़ी आलोचना की। लेकिन यह कहने से इनकार कर दिया कि क्या उन्हें लगता है कि इस प्रौद्योगिकी कंपनी को तोड़ दिया जाना चाहिए। क्योंकि इस महीने एक न्यायाधीश ने फैसला सुनाया था कि गूगल एक अवैध एकाधिकार है।
ट्रंप ने गूगल के बारे में कहा, "वे लगभग वाइल्ड वेस्ट की तरह हैं।" लेकिन उन्होंने यह नहीं बताया कि उन्हें किस तरह की सजा का सामना करना चाहिए। लेकिन कहा, "उन्हें बहुत बड़ी कीमत चुकानी पड़ेगी।"
ट्रंप ने पहले कहा था कि वे शॉर्ट वीडियो एप टिकटॉक पर प्रतिबंध लगने से रोकेंगे। जबकि अप्रैल में एक कानून को मंजूरी दी गई थी, जिसमें चीनी मालिक बाइटडांस के लिए टिकटॉक की अमेरिकी संपत्ति को बेचने के लिए 19 जनवरी, 2025 की समयसीमा तय की गई थी। यह पूछे जाने पर कि क्या वे टिकटॉक पर चीनी स्वामित्व को जारी रखना स्वीकार कर सकते हैं। ट्रंप ने सीधे जवाब नहीं दिया, लेकिन कहा कि बाइटडांस इसे बेच सकता है।
ट्रंप ने कहा, "इस तरह की किसी चीज पर प्रतिबंध लगाना बहुत मुश्किल है। क्योंकि आप अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की बात कर रहे हैं। आप इस समीकरण में कई अलग-अलग चीजों के बारे में बात कर रहे हैं, लेकिन टिकटॉक ने मेरे साथ बहुत अच्छा व्यवहार किया है।"