देश-विदेश में कैब सर्विस देने वाली कंपनी उबर को बड़ा झटका लगा है। 30 सितंबर के बाद हो सकता है लंदन में कंपनी की कैब ना चल पाएं। ब्रिटेन में ट्रांसपोर्ट फॉर लंदन (टीएफएल) विभाग ने उबर के लाइसेंस को रिन्यू करने से इंकार कर दिया है। टीएफएल का कहना है कि उबर लोगों की सलामती और सुरक्षा मापदंडों के आधार पर खरी नहीं उतरती और इसलिए लाइसेंस पाने के लिए योग्य नहीं है। उबर का लाइसेंस 30 सितम्बर को समाप्त होने वाला है।
हालांकि इस फैसले के बाद हजारों लोग उबर के सपोर्ट में आ गए हैं। निर्णय को बदलने के पक्ष में करीब चार लाख लोगों ने एक याचिका पर हस्ताक्षर किए। वहीं, उबर का कहना है कि वह भी इस फैसले के खिलाफ अपील करेगी। याचिका में उबर लंदन ने कहा कि, "अगर यह निर्णय लागू होता है, तो इससे 40,000 लाइसेंसधारी ड्राइवर बेरोजगार हो जाएंगे और लाखों लंदनवासी आसान और सस्ती यातायात सुविधा से वंचित हो जाएंगे।"
उबर के पास इस फैसले के खिलाफ अपील करने के लिए 21 दिन का समय है। हस्ताक्षर करने वाले एक शख्स ने कहा कि उबर बेहद जरूरी मिनीकैब्स और ब्लैककैब्स का विकल्प उपलब्ध कराती है। दूसरी कंपनियों के मुकाबले यह ज्यादा सस्ता, सुरक्षित और सुविधाजनक है।