चाइना की मोटरसाइकल निर्माता कंपनी CFMoto भारत में एंट्री करने जा रही है। सोर्स के मुताबिक कंपनी 19 जुलाई को अपनी 4 नई बाइक्स को लांच करेगी। इसके लिए कंपनी ने बेंगलुरु की एएमडब्ल्यू मोटरसाइकल्स के साथ पार्टनरशिप की है। जानकारी के लिए बता दें कि इससे पहले कंपनी 4 जुलाई को मुंबई में इन बाइक्स को लांच करने की तैयारी में थी। लेकिन मुंबई में बारिश के चलते लॉन्चिंग टाल दी गई और अब लॉन्चिंग इवेंट बेंगलुरु में होगा।
चार नए मॉडल्स होंगे लांच
CFMoto जिन चार नई बाइक्स को भारत में लांच करने जा रही है उनमें 300NK, 650NK, 650MT और 650GT शामिल हैं। ये चारों 250cc से लेकर 650cc इंजन में होंगी और साथ ही बेहद प्रीमियम भी। लेकिन कंपनी इन बाइक्स को भारत में CKD यूनिट (बिना असेंबल की हुई) के रूप लाएगी जिसकी वजह से इनकी कीमत भी ज्यादा होगी। इतना ही नहीं यह भी माना जा रहा है कि भारत में आने वाले CFMoto बाइक्स के स्पेसिफिकेशन्स इंटरनैशनल मॉडल के जैसे ही होंगे।
यह होगी सबसे सस्ती बाइक
भारत में NK300 सबसे सस्ती बाइक के रूप में आएगी। इस नेकेड स्ट्रीटफाइटर बाइक में कई फीचर्स इसे खास बनायेंगे। जैसे बाइक में TFT डिस्प्ले, स्टाइलिश अलॉय व्हील्स, स्प्लिट सीट्स और LED हेडलाइट देखने को मिलेगी। इसके अलावा इसमें 292.4cc का इंजन मिलेगा जो 34hp का पावर और 20.5Nm टॉर्क देगा।
ये तीन बाइक्स होंगी महंगी
कंपनी NK300 के अलावा भारत में जिन तीन बाइक्स को पेश करेगी उनमें 649.3cc का इंजन मिलेगा लेकिन इंजन का पावर आउटपुट तीनों बाइक्स का अलग होगा। इनमें 650MT अडवेंचर-टूरिंग बाइक के रूप में आयगी, जबकि 650GT स्पोर्ट्स लुक वाली सेमीफेयर्ड टूरर बाइक होगी। इसके अलावा 650NK नेकेड स्ट्रीट फाइटर बाइक के रूप में आयगी।