कार बनाने वाली कंपनी फॉक्सवेगन ने अपनी हैचबैक कार पोलो और सेडान वेंटो की कीमतों में 2.27 फीसदी तक की बढ़ोतरी कर दी है। कंपनी के दोनों मॉडल्स पर कीमतों में की गई वृद्धि सोमवार से प्रभावी हो गई है। कीमतों में इजाफा करने के बाद पोलो की दिल्ली में एक्स शोरूम कीमत 4.92 लाख से 7.08 लाख रुपये के बीच और वेंटो के दाम 7.32 लाख से 9.96 लाख रुपये के बीच हो गए है।
कंपनी की तरफ से दिए गए बयान में कहा गया कि कार में नए फीचर जोड़े गए है, जिसकी वजह से कीमतों में इजाफा किया गया है। फॉक्सवेगन पैसेंजर कार्स के प्रबंध निदेशक अरविंद सक्सेना ने बताया कि पोलो और वेंटो को स्पोर्टी लुक दिया गया है। उन्होंने कहा कि कंपनी का उद्देश्य अपने ग्राहकों को बेहतर सुविधा मुहैया कराना है। दोनों कारों में ब्लूटूथ और USB पोर्ट के साथ एडवांस म्यूजिक सिस्टम जैसे अतिरिक्त फीचर शामिल किए गए हैं।