मार्च में होने जा रहे जिनेवा मोटर शो में आधिकारिक लांच से ठीक पहले मित्सुबिशी ने अपनी नई एसयूवी की एक इमेज को टीज किया है। इसके इमेज को देखकर साफ पता चलता है कि नए मॉडल में आउटलैंडर की झलक साफ दिखाई देती है। पर इसका पीछे का हिस्सा कूपे की तरह है तथा इसकी ग्लासलाइन मित्सुबिशी की परंपरा से एकदम अलग नजर आती है क्योंकि दिखने में ये थोड़ी छोटी है। अंधेरे में खड़ी यह एसयूवी बहुत शानदार लग रही है। इसके जरिए कंपनी अपनी बिक्री को मजबूत बनाने की कोशिश करेगी।
2014 तक अपने बॉक्सी डिजाइन के लिए जानी जानी वाली मित्सुबिशी को अलग पहचान बनाने में मदद तब मिली जब निसान में 40 साल बिताने के बाद तुनेशिरो कुनिमोटो ने इस कंपनी को ज्वाइन किया। अभी तक एक नाम का इंतजार कर रही यह एसयूवी शर्तियातौर पर एसएक्स से बड़ी तथा आउटलैंडर से छोटी होगी। एसयूवी के पूरे पोर्टफोलियो के साथ कंपनी अपनी बिक्री ग्लोबल मार्केट में बढ़ाने की पूरी कोशिश करेगी। 2013 में पहली बार दिखे एसआर-पीएचईवी कांसेप्ट की कुछ चीजें इस कार में देखने को मिलती हैं। गौरतलब है कि इस कांसेप्ट को 2015 के जिनेवा मोटरशो में भी प्रदर्शित किया गया था।
अगर इस कांसेप्ट की बात करें तो यह एक टू व्हील ड्राइव प्लग इन हाइब्रिड से लैश था जिसका ड्राइवट्रेन 162 एचपी की शक्ति पैदा करता है। लेकिन कीमत के लिहाज से बात करें तो ऐसा नहीं लगता कि मित्सुबिशी इसे प्लग इन हाइब्रिड के साथ उतारेगी। अगर कंपनी ऐसा करती है तो इस एसयूवी की कीमत बढ़ जाएगी और वह अपने सेल्स मजबूत करने के इरादे को पूरा नहीं कर पाएगी। पर उम्मीद की जा रही है कि कंपनी इसमें वही टर्बोचार्जड पेट्रोल इंजिन लगाएगी जो कि कंपनी के एएसएक्स रेंज में पहले से लगा है। एएसएक्स रेंज में मैनुअल, सीवीटी और 8 स्पीड ऑटोमेटिक ट्रांसमिशन और ऑल व्हील वेरिएंट मौजूद हैं। हालांकि कंपनी इसे भारत में कब लेकर आएगी व इसकी कीमत क्या होगी इससे पर्दा उठना बाकी है।