मारुति सुजुकी S-Cross facelift भारत में लॉन्च कर दी गई है। कंपनी ने इसकी शुरुआती कीमत 8.49 लाख रुपए (एक्स-शोरूम, दिल्ली) रखी है। कार के सबसे महंगे Alpha वैरिएंट की कीमत 11.29 लाख रुपए है। इसके टॉप एंड वैरिएंट की कीमत पुराने मॉडल के मुकाबले कम रखी गई है, जिसकी वजह इंजन का कम पावरफुल होना है। इस कार का मुकाबला हुंडई क्रेटा, रेनो डस्टर और होंडा BR-V से रहेगा। कंपनी के मुताबिक कार 25.1 kmpl का माइलेज देगी।
वैरिएंट के हिसाब से कार की कीमत
भारत में 26 सितंबर से इस कार की सेल शुरू हो जाएगी।
वैरिएंट
कीमत
Sigma
8.49 लाख रुपए
Delta
9.39 लाख रुपए
Zeta
9.98 लाख रुपए
Alpha
11.29 लाख रुपए
कार का इंजन और फीचर्स
Maruti Suzuki S-Cross Facelift
कार के फेस को बोल्ड लुक दिया गया है। इसमें पतले क्रोम वाले ग्रिल दिए गए हैं और हेडलैंप को रिडिजाइन किया गया है। कार में नए तरह का ग्रिल और मस्कुलर बोनट दिया गया है। हेडलैंप के चारों ओर एलईडी लाइट लगी हैं। कार में डीआरएल, टेल लैंप और चोड़े टायरों के साथ 16 इंच के एलॉय व्हील दिए हैं। इंटीरियर में कोई खास बदलाव नहीं किया गया। इसमें टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया गया है जो एप्पल कार प्ले, एंड्रॉइड ऑटो, मिरर लिंक और इनबिल्ट नेविगेशन सपोर्ट करता है। इसका स्टीयरिंग एडजस्ट किया जा सकता है। सेफ्टी के लिहाज से कार में डुअल एयरबैग्स, एबीएस और चाइल्ड सीट माउंट दिए गए हैं।
पढ़ें: Alto से लेकर Grand i10 तक, इन 5 कारों में आता है मेंटेनेंस का सबसे कम खर्च
इंजन की बात करें तो नई एस-क्रॉस फेसलिफ्ट में (SHVS) स्मार्ट हाइब्रिड व्हीकल सिस्टम के साथ 1.3-लीटर डीजल इंजन दिया गया है। यह 90PS की पावर और 200Nm का टॉर्क जेनरेट करता है। इंजन को 5-स्पीड मैनुअल ट्रांसमिशन से जोड़ा गया है। यही इंजन मारुति सियाज और Ertiga में दिया गया है। कंपनी ने 1.6 लीटर मल्टीजेट डीजल इंजन को हटाने का फैसला किया है। इसके अलावा कार को पेट्रोल वैरिएंट में भी नहीं उतारा जाएगा।