कुछ दिन पहले हुई डीजल कीमतों में बढ़ोतरी का असर भारत पर दिखाई देने लगा है। प्रमुख कार निर्माता कंपनी होंडा कार्स इंडिया लिमिटेड ने अपने तीन पसंदीदा मॉडल ब्रायो, जैज और सिटी की कीमतों में 0.2 फीसदी से 2.6 फीसदी तक इजाफा करने की घोषणा की है। नई कीमतें 1 अक्तूबर से प्रभावी हो जाएंगी।
हाल में होंडा ब्रायो की कीमत 4.05 लाख से 5.23 लाख रुपये तक है। कंपनी के मुताबिक 1198 सीसी के आइ-वीटेक पेट्रोल इंजन वाली ब्रायो 18.4 किमी. प्रति लीटर का माइलेज देती है। प्रीमियम कॉम्पैक्ट जैज के दाम 5.85 से 6.41 लाख रुपये तक है। जबकि लोकप्रिय कार होंडा सिटी की कीमतें 7.25 लाख से 10.46 लाख रुपये तक है। सभी कीमतें एक्सशोरूम दिल्ली हैं।
कीमतों में बढोतरी के पीछे कंपनी का कहना है कि उत्पादन लागत बढ़ने के कारण मूल्यवृद्धि का फैसला किया गया है। इसके साथ ही मुद्रास्फीति के दबाव व डीजल की मूल्य वृद्धि से भाड़ा बढ़ने से तीनों मॉडल की कीमतों में वृद्धि का निर्णय किया गया है।
दूसरी तरफ मारुति ने भी हफ्ते भर के भीतर गाड़ियों की कीमतों में भी बढ़ोतरी की बात कही है। हालांकि कीमतें कब और कीतने बढ़ेंगी कंपनी ने इसकी जानकारी नहीं दी है। मारुति ने भी कीमतें बढ़ाने के पीछे कच्चे माल की बढ़ती कीमतों के चलते उत्पादन लागत में बढ़ोतरी होने को कारण बताया है।