बेशक बरसात का मौसम आपके लिए राहत लेकर आया हो लेकिन ये मौसम आपकी कार की सेहत के लिए अच्छा नहीं। बरसात में अपनी कार को फिट और हिट बनाए रखने के लिए क्या करें, ये बताएंगे आपको हम।
1. समय पर सर्विस कराएं
सबसे पहले अपनी कार की समय से सर्विसिंग कराएं ताकि बरसात में आपकी कार बिना किसी रूकावट के सरपट दौड़ सके। कार बंद होने की सबसे ज्यादा घटनाएं बारिश के मौसम में ही आती है।
2. टायर, वाइपर और ब्रेक शू का ध्यान रखें
बरसात के मौसम से पहले अपनी गाड़ी के टायरों, वाइपर और ब्रेक शू का ध्यान रखें। अक्सर बरसात के दिनों में सड़क पर फिसलन हो जाती है अगर आपकी गाड़ी के टायर ज्यादा घिसे हुए हैं तो उन्हें तुरंत बदलवाएं ताकि हादसे से बच सकें। इसके साथ ही खराब वाइपर के सफर करना बहुत कठिन होता है इसलिए वाइपर का सही होना जरूरी है।
3. किनारे चलने से बचें
ड्राइव करते समय इस बात का ख्याल रखें कि आप लगभग सड़क के बीच में हो। हालांकि ट्रैफिक में ये संभव नहीं है लेकिन हाइवे पर ड्राइव के दौरान किनारे पर चलने से बचें। इससे गाड़ी की दुर्घटना के चांस कम होते हैं।
4. दूसरी गाड़ी के पीछे चलें
भारी बारिश में कोशिश करें कि आपकी गाड़ी की आगे कोई अन्य गाड़ी चल रही हो ताकि आपको सड़क का अंदाजा होता रहे। बस सामने चल रही गाड़ी से उचित दूरी बना के रखें ताकि जरूरत पड़ने पर आप गाड़ी को रोक सकें।
5. क्रूज कंट्रोल का इस्तेमाल न करें
अब गाड़ियों में एक नया क्रूज कंट्रोल जरूरी फीचर बनकर उभरा है। इसका हर कोई इस्तेमाल करता है। परन्तु बरसात के दौरान इस फीचर को ऑफ रखें, जिससे आपकी गाड़ी पूरी तरह आपके नियंत्रण में रहे। इससे गाड़ी के फिसलने का खतरा कम हो जाता है। सूखी सड़कों पर आप इसका इस्तेमाल कर सकते हैं।
6. बीच-बीच में लगाते रहें ब्रेक
बरसात के दिनों में लॉन्ग ड्राइव पर बीच-बीच में ब्रेक का इस्तेमाल करते रहें ताकि ब्रेक पैड सूखते रहें और अचानक जरूरत पड़ने पर गाड़ी कंट्रोल से बाहर न हो।
7. बड़े वाहनों से दूर रहें
बारिश में बड़े वाहन जैसे बस, ट्रक और कैंटर आदि से उचित दूरी बनाएं रखें। इसके अलावा ओवरटेक करने की जल्दीबाजी न करें। यदि वाहन निंयत्रण से बाहर हुआ तो हादसा हो सकता है।
8. जब फिसलने लगे गाड़ी
अगर गाड़ी पर अपना नियंत्रण खोता हुआ सा महसूस हो तो घबराकर ब्रेक न लगाएं। ऐसा करने से सड़क और गाड़ी के बीच घर्षण खत्म हो जाता है और गाड़ी फिसलने लगती है। बल्कि स्टेयरिंग सीधा रखकर धीरे धीरे ब्रेक पैडल पुश करें। अचानक ब्रेक लगाने से बचें।
9. गाड़ी की साफ-सफाई का रखें विशेष ख्याल
बरसात के समय गाड़ी सबसे ज्यादा गंदी होती है इसलिए समय समय पर गाड़ी की सफाई रखें। गाड़ी के फुट पैड को गंदा होने से बचाए। इससे बचाव के लिए पुराना कपड़ा या पुराना तौलिया डालें। कोशिश करें कि गाड़ी को कीचड़ और मिट्टी से बचाकर चलाएं।