ऑटो एक्सपो के आगाज से पहले जिस तरह ऑटो कंपनियों ने अपने नए-नए मॉडल लांच किए, उनसे साफ है कि आने वाले दिनों में ऑटो बाजार में जंग तेज होने वाली है।
कंपनियों के बीच असल मुकाबला अब कॉम्पैक्ट सेडान और एसयूवी सेगमेंट में होने वाला है। मारुति डिजायर के मुकाबले मंगलवार को ह्यूंदे ने ग्रांड आईटेन के प्लेटफार्म पर अपनी नई कॉपैक्ट सेडान एक्ससेंट लांच कर इसके संकेत दे दिए हैं।
ह्यूंदे एक्ससेंट से होंडा अमेज और टाटा मोटर्स की नई जेस्ट को भी कड़ी टक्कर मिलेगी।
देश की दूसरी सबसे बड़ी कार निर्माता ह्यूंदे की नई कार एक्ससेंट डीजल और पेट्रोल इंजन में उपलब्ध होगी। नई कार लांच करते हुए ह्यूंदे इंडिया के एमडी एवं सीईओ बीएस सेओ ने बताया कि हैचबैक ग्रांड आई10 प्लेटफार्म पर बनने वाली एक्ससेंट मार्च में बाजार में पेश की जाएगी।
इसके साथ ही कंपनी अपनी स्पोर्ट यूटिलिटी वाहन (एसयूवी) सेता फे का नया संस्करण भी ऑटो एक्सपो में पेश करने वाली है। फ्रांस की ऑटो कंपनी रेनो ने भी अपनी एसयूवी कोलिओस को नए क्लेवर में उतारा है।
ह्यूंदे के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट राकेश श्रीवास्तव का कहना है कि कॉम्पैक्ट सेडान भारतीय कार बाजार का तेजी से बढ़ता सेगमेंट है। एक्ससेंट के साथ ही अब हम इस सेगमेंट में हमारी उपस्थिति मजबूत होगी।
नई कारों से ऑटो बाजार में ‘जंग’ की शुरूआत
ऑटो एक्सपो के शुरू होने से पहले से ही ऑटो कंपनियां अलग-अलग सेगमेंट में अपने कई नए मॉडल लांच कर चुकी हैं। टाटा मोटर्स ने चार वर्ष में पहली बार सोमवार को अपनी नई हैचबैक कार बोल्ट और एंट्री लेवल कॉम्पैक्ट सेडान जेस्ट लांच की।
दोनों कारों को ऑटो एक्सपो में दिखाई देंगी। वहीं, अमेरिकी ऑटो कंपनी फोर्ड ने भी हैचबैंक कार फिगो का कॉम्पैक्टस सेडान फिगो कांसेप्ट पेश किया। वहीं, मारुति सुजुकी एक्सपो के दौरान नई कार सलेरियो पेश करने की योजना है।