अमेज के बाद होंडा अब भारतीय कार बाजार में अपने चार नए मॉडल पेश करने जा रही है। इन मॉडल में ब्रियो एमपीवी, होंडा सिटी का नया मॉडल, होंडा जैज और जैज बेस्ड एसयूवी देखने को मिलेगी।
इन नए चार मॉडल के साथ कंपनी अपने राजस्थान स्थित संयंत्र की क्षमता बढ़ाएगी। ऑटो वेबसाइट कार देखो की रिपोर्ट के अनुसार होंडा अपने संयंत्रों क्षमता बढ़ाने जा रही है क्योंकि वह बाजार में अपने कुछ नए मॉडल को लॉन्च करेगी।
खबर के मुताबिक कंपनी अपने होंडा सिटी के नए मॉडल को 2014 आटो एक्सपो में दिखाएगी। दरअसल कंपनी नई कार पर समय बर्बाद न कर सिटी को रि-लॉन्च करेगी।
कंपनी हमेशा से ही पांच साल बाद सिटी के मॉडल में बदलाव करती है। वैसे भी होंडा सिटी भारत में कंपनी का सबस ज्यादा बिकने वाला मॉडल रहा है। कंपनी ने आखिरी बदलाव 2008 में किया था।
अगर कार के मैकेनिज्म की बात की जाए तो सिटी में वही पुराना 1.5 पेट्रोल और डीजल आईडीटेक इंजन रहेगा। उम्मीद जताई जा रही है कि कंपनी इसी इंजन का इस्तेमाल नई जैज़ में भी करेगी।
नई होंडा सिटी, जैज़ के प्लेटफार्म पर आधारित होगी, जिसका निर्माण राजस्थान के संयंत्र में किया जाएगा। अनुमान लगाया जा रहा है कि कंपनी होंडा ब्रियो और अमेज का निर्माण ग्रेटर नोएडा वाले संयंत्र में करेगी। वहीं जैज़, सिटी और जैज़ एसयूवी का निर्माण राजस्थान में होगा।