जनरल मोटर्स के हाल ही में भारतीय बाजार में सेडान सेग्मेंट वाली शेवरले सेल को लांच करने के बाद कंपनी अब एमपीवी इंजॉय को लांच करने की तैयारी कर रही है। जीएम की यह बहुप्रतीक्षित कार इंडियन मार्केट में मार्च के अंत या अप्रैल के शुरू में आ जाएगी। इंजॉय कंपनी की पहली मल्टी परपज व्हीकल (एमपीवी) होगी।
निसान के वाइस प्रेसीडेंट पी बालेंद्रन ने बताया इंजॉय भारतीय शोरूमों में मार्च के अंत या अप्रैल के शुरू में पहुंच जाएगी। उन्होंने बताया कि इसके दाम भी अन्य एमपीवी कारों के मुकाबले काफी कम होंगे। बालेंद्रन ने बताया कि कंपनी को नई एमपीवी कार के भारतीय बाजार में सालाना 48,000 यूनिट बिकने की उम्मीद है।
बाजार में तेजी के साथ बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच और ब्याज दरों के कम होने पर कंपनी को एमपीवी इंजॉय कार से काफी उम्मीदें हैं। बालेंद्रन ने उम्मीद जताई कि बजट सत्र के बाद बाजार में सुधार आएगा। उन्होंने बताया कि जीएम की नई कार का लुक काफी दमदार है और यह स्पेसियस भी है। यूटिलिटी सेग्मेंट की कारों में इसमें सबसे ज्यादा स्पेस दिया गया है।
इंजॉय में 1.4 लीटर का पेट्रोल और 1.3 लीटर का मल्टीजेट डीजल इंजन है। पेट्रोल इंजन वाली इंजॉय की 93bhp क्षमता और 127Nm टॉर्क है और डीजल इंजन इंजॉय की 88bhp क्षमता और 200Nm टॉर्क है। पेट्रोल और डीजल इंजन वाली इंजॉय में 5 स्पीड मैन्युअल ट्रांसमिशन दिया गया है।