स्पोर्ट्स बाइक बनाने वाली कंपनी KTM ने मिनी ऑफ रोड इलेक्ट्रिक-बाइक लाने की घोषणा की है। इसका नाम केटीएम E-Mini होगा। इसे 2019 से बनाया जाएगा और इसकी बिक्री 2020 में शुरू होगी। केटीएम ने हाल ही में अपनी पॉपुलर इलेक्ट्रिक ऑफ रोड बाइक Freeride E-XC की सेकेंड जेनरेशन पेश की थी। इसके ठीक बाद कंपनी ने अब ई-मिनी लाने की घोषणा की है।
पढ़ें: 1 लाख के बजट में आती हैं ये 5 बेस्ट मोटरसाइकिल, लुक्स के साथ दमदार परफॉर्मेंस
माना जा रहा है कि यह केटीएम की युवा पसंद 50SX बाइक को रिप्लेस करेगी। रिपोर्ट के मुताबिक, अभी यह बाइक अपने शुरुआती चरण में है। हालांकि केटीएम के प्रोडक्ट मैनेजर Jochi Sauer ने कहा कि ई-मिनी बाइक पर करीब दो साल पहले टेस्ट शुरू हो गया था। अभी तक इस बारे में कोई जानकारी नहीं मिली कि इस बाइक में किस प्रकार की बैटरी का इस्तेमाल किया जाएगा।
बता दें कि केटीएम की इलेक्ट्रिक बाइक Freeride E नाम से आती हैं, जिसमें फ्रीराइड E-XC, E-SX, और E-SM शामिल हैं। हालांकि इनमें से कोई भी बाइक अभी भारत में उपलब्ध नहीं है। यह भी बता दें कि भारत की सबसे बड़ी मोटरसाइकिल निर्माता कंपनियों में से एक बजाज ऑटो की KTM में करीब 48 फीसदी हिस्सेदारी है।