जापान की दुपहिया वाहन निर्माता कंपनी होंडा की भारतीय इकाई होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (एचएमएसआइ) भारतीय बाजार में अपना कारोबार बढ़ाने पर लगातार ध्यान दे रही है। मानेसर में रिसर्च एंड डेवलपमेंट सेंटर खोलने के बाद अब कंपनी ने अपने तीनों स्कूटर को नए वेरिएंट में लांच किया है। कंपनी भारतीय बाजार में हर साल चार नए मॉडल लाने की बात पहले ही कह चुकी है।
होंडा की नजर उभरते भारतीय टू-व्हीलर बाजार में सबसे बड़ा खिलाड़ी बनकर उभरने पर है। स्कूटर बाजार में होंडा देश की सबसे बड़ी कंपनी है। अपनी इसी पकड़ को पहले से ज्यादा मजबूत करने के लिए होंडा ने अपने मौजूदा तीनों स्कूटर एक्टिवा, एविएटर और डियो को नए मॉडल में लांच किया है। नए वेरिएंट में कंपनी ने ईको टेक्नोलॉजी का यूज किया है, जिससे इसके पार्टस का वजन पहले से कम हो गया है। कंपनी का दावा है कि अभी तक 54 किलोमीटर प्रति लीटर तक का माइलेज देने वाले 110cc के एक्टिवा, एविएटर और डियो अब 60 किलोमीटर प्रति लीटर का माइलेज देंगे।
नए एक्टिवा की दिल्ली में एक्स शोरूम कीमत 47,188 रुपये, एविएटर की 48,212 रुपये और डियो की 44,701 रुपये रखी गई है। स्कूटर्स की लांचिंग के मौके पर कंपनी ने दावा किया कि मौजूदा कारोबारी साल में उसका मार्केट शेयर 4 फीसदी से 17 प्रतिशत तक हो जाएगा। होंडा की तरफ से बताया गया कि साल 2013 की पहली छमाही में कर्नाटक में 12 लाख यूनिट उत्पादन क्षमता वाला उसका दूसरा प्लांट शुरू हो जाएगा।