देश की अग्रणी दुपहिया वाहन निर्माता कंपनी बजाज ऑटो घरेलू बाजार में एडवांस वर्जन वाली 100cc की बाइक लांच करने की तैयारी कर रही है। पहले नई बाइक के दिसंबर में लांच होने की उम्मीद थी, लेकिन कुछ कारणों के चलते कंपनी ने इसकी लांचिंग को जनवरी, 2013 के लिए टाल दिया है। भारतीय बाजार में यह बाइक नए साल की शुरूआत में जनवरी में दिखाई देगी।
बजाज ऑटो के मुताबिक 100cc की नई बाइक दुनिया की सबसे ज्यादा आधुनिक कम्युटर बाइक होगी। इसके दाम भी काफी कम रहने की उम्मीद है और यह बेहतर माइलेज देगी। जब बजाज ने इस कम्युटर बाइक को पेश करने की घोषणा की थी तो इसके काफी महंगा होने की उम्मीद की जा रही थी।
साल 2012 में बजाज ने बाजार में दो कामयाब मोटरसाइकिल पल्सर 200NS और डिस्कवर 125ST को लांच किया है। ये दोनों मॉडल पल्सर और डिस्कवर के रिवेंप मॉडल है। अब कंपनी बाजार पर पकड़ बनाने के लिए 100cc की कम्युटर मोटरसाइकिल को लांच करने की तैयारी कर रही है।
बजाज ऑटो के मैनेजिंग डायरेक्टर राजीव बजाज ने बताया कि कंपनी 100cc की नई कम्युटर मोटरसाइकिल को जनवरी में लांच करने की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि कम्युटर मोटरसाइकिल की लांचिंग के साथ ही कंपनी 100cc बाइक के नए सेग्मेंट में प्रवेश कर रही है।