देश की प्रमुख दोपहिया और तिपहिया वाहन निर्माता कंपनी Bajaj (बजाज) और ब्रिटेन की प्रमुख दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी Triumph Motorcycles (ट्रायम्फ मोटरसाइकिल्स) ने 2017 में एक साझेदारी की घोषणा की थी। जिसके बाद साल 2020 में इस साझेदारी के तहत एलान किया था कि वे भारतीय बाजार के लिए प्रीमियम मिड-क्षमता वाली मोटरसाइकिल विकसित करेंगे। इस समय, दोनों दोपहिया निर्माता भारत के लिए अपनी पहली एंट्री-लेवल 350cc मोटरसाइकिल पेश करने के लिए काम कर रहे हैं। आगामी 350cc बाइक को हाल ही में देखा गया है। हालांकि, यह इस साल के आखिर में भारत में लॉन्च हो सकती है।
इंजन और ब्रेकिंग
बजाज और ट्रायम्फ इस बाइक को मिलकर तैयार कर रही है। बजाज-ट्रायम्फ 350cc मोटरसाइकिल के स्टाइल की बात करें तो रॉयल एनफील्ड स्क्रैम्बलर की याद दिलाती है। इस रोडस्टर बाइक में 350cc-400cc इंजन का इस्तेमाल करने की संभावना है जो 35 bhp का पीक पावर जेनरेट करेगा। ब्रेकिंग के लिए आगे और पीछे डिस्क ब्रेक दिए जाएंगे, और इसे डुअल-चैनल ABS भी मिल सकता है।
कैसा होगा लुक, डिजाइन और फीचर्स
स्पाई तस्वीरों के मुताबिक, बजाज-ट्रायम्फ बाइक एक प्रोडक्शन-रेडी मॉडल लगती है। पुणे के आसपास टेस्टिंग के दौरान इसे देखा गया। बाइक को एक गोलाकार हेडलैम्प के साथ रेट्रो-लुक वाले इंडिकेटर्स और रियरव्यू मिरर मिलते हैं। यह बाइक ट्रेडिशनल हैंडलबार और वाइजर, बजाज-ट्रायम्फ बाइक क्रोम-फिनिश फ्यूल लिड, रियर ग्रैब हैंडल के साथ सिंगल-पीस सीट, एक अपसाइड-डाउन फ्रंट फोर्क, एक रियर मोनो शॉक और एक अपस्वेप्ट एग्जॉस्ट से लैस है।
मुकाबला
बजाज इस 350 सीसी बाइक का स्थानीय स्तर पर उत्पादन करेगी और भारतीय बाजार में इसकी कीमत 3.5 लाख रुपये से 4.5 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच होने की उम्मीद है। यह दोपहिया भारतीय बाजार में लॉन्च होने के बाद रॉयल एनफील्ड 350 सीसी बाइक के साथ-साथ KTM 390 Duke (केटीएम 390 ड्यूक), Honda CB300R (होंडा सीबी300 आर) और BMW G310R (बीएमडब्ल्यू जी 310 आर) जैसी बाइक को टक्कर देगी।