बाइक की चेन पीछे के व्हील को पावरट्रेन से ताकत भेजती है। मोटरसाइकिल की चेन का ये मुश्किल काम है। आमतौर पर लोग बाइक की चेन का सही से ध्यान नहीं रख पाते हैं। वहीं, बाइक की सर्विस के दौरान मैकेनिक भी अक्सर अपना समय और काम बचाने के लिए बाइक की चेन को नजरअंदाज कर देता है। ऐसे में थोड़ी-थोड़ी परेशानी एक दिन बड़ी होकर राइडर के सामने आ जाती है।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि बाइक चलने के दौरान चेन के साथ कई तरह की गंदगी चिपक जाती है। इस वजह से बाइक की पूरी क्षमता पर बुरा असर पड़ता है। आगे इस खबर में जानिए कैसे चेन को साफ और लुब्रिकेट रखें।
मोटरसाइकिल के साथ कुछ भी करने से पहले उसे एक उचित तरीके से पार्किंग स्टैंड पर खड़ा करें। आपको बता दें कि बाइक की चेन साफ करने के लिए ये सेटअप काफी अहम है। इसके बाद आप चेन को साफ करना शुरू करें। इस दौरान आप चेन को फ्री तरीके से घुमा दें। वहीं, अगर आप सेंटर पार्किंग स्टैंड पर बाइक को नहीं रखते हैं तो उसे पैडडॉक स्टैंड पर शिफ्ट करें। ऐसा करके आप आसानी से मोटरसाइकिल की चेन को साफ और लुब्रिकेट कर पाएंगे।
भारत में अक्सर देखा जाता है कि बाइक की चेन के साथ काफी तरह की गंदगी चिपक जाती है। राइडिंग के दौरान सड़क की गंदगी चेन पर आ जाती है। ऐसे में इसे पानी से साफ करें। वहीं, कुछ बाइक्स में चेन को कवर किया जाता है। चेन को पानी के जोरदार दबाव के साथ साफ करने पर इसकी अंदरुनी गंदगी भी हट जाती है। एक बार चेन की प्राथमिक सफाई पूरी हो जाती है तो इसके बाद चेन पर स्प्रे करें। स्प्रे करने के बाद कुछ मिनट के लिए चेन को छोड़ दें। कुछ समय बाद चेन को ब्रश के जरिए बाकी बची हुई गंदगी को बाहर निकालने की कोशिश करें।
आखिर में मोटरसाइकिल की चेन को लुब्रिकेट करें। चेन के हर लिंक में बराबर मात्रा में लुब्रिकेट का इस्तेमाल करें। इसके बाद चेन को कई बार घुमा दें, इससे लुब्रिकेट हर तरफ पहुंच जाएगा। यहां पर इस बात का ध्यान रखें कि चेन में लुब्रिकेट की मात्रा ज्यादा नहीं होनी चाहिए।