Pulsar NS 125 : Bajaj Auto (बजाज ऑटो) ने भारत में अपनी नई मोटरसाइकिल Pulsar NS 125 (पल्सर एनएस 125) लॉन्च कर दी है। कंपनी की नई बाइक अब पहले से ज्यादा पावरफुल हो गई है। लेकिन अभी भी इसमें ABS जैसा सेफ्टी फीचर नहीं दिया गया है। यह कंपनी की एंट्री लेवल स्पोर्ट्स बाइक पल्सर 125 की तुलना में थोड़ी महंगी है।
इंजन पावर
जहां तक इस बाइक के टेक्निकल डिटेल्स की बात है, तो Pulsar NS 125 में 125 cc सिंगल-सिलेंडर, एयर-कूल्ड, फ्यूल-इंजेक्टेड DTS-i इंजन मिलता है। यही इंजन रेगुलर पल्सर 125 बाइक में भी दिया गया है। यह नए उत्सर्जन मानकों वाला बीएस 6 इंजन, जिसके साथ 5-स्पीड गियरबॉक्स दिया गया है। कंपनी का दावा है कि इसमें थोड़ा बदलाव किया गया है और अब यह पहले की तुलना में थोड़ा ज्यादा पावरफुल हो गया है। यह इंजन अब अधिकतम 12 PS का पावर और 11 Nm का पीक टॉर्क जेनरेट करता है।
युवाओं के लिए की तैयार
बजाज ऑटो के मुताबिक नई पल्सर एनएस 125 मोटरसाइकिल में शानदार पावर और परफॉर्मेंस मिलता है। इसके साथ ही इस सेगमेंट की बाइक्स की तुलना में इसमें कई खास फीचर्स मिलते हैं। दोपहिया वाहन निर्माता ने इस बाइक को खासतौर से राइडिंग पसंद करने वाले युवाओं के लिए बनाया है। नई पल्सर एनएस 125 का वजन 144 किलोग्राम है। जो कि रेगुलर पल्सर 125 की तुलना में करीब 4 किलोग्राम भारी है।
लुक और डिजाइन
नई Pulsar NS 125 बाइक के लुक और डिजाइन पर गौर करें तो इसमें बहुत ज्यादा अंतर नहीं हैं। यह बाइक अभी भी सामने की तरफ सिग्नेचर वुल्फ-आई डिजाइन के साथ पेश की गई है। पल्सर एनएस 125 के साइड में टैंक को बढ़ाया गया है और इसमें स्पोर्टी बॉडी ग्राफिक्स का इस्तेमाल किया गया है। बाइक के रियर में सिग्नेचर ट्विन एलईडी-स्ट्रिप टेल लाइट्स दी गई हैं।
अलॉय व्हील्स
पल्सर 125 बाइक की तरह ही बजाज पल्सर NS 125 में 17-इंच के अलॉय व्हील्स दिए गए हैं। और इसमें CBS (सीबीएस) के साथ 240 mm फ्रंट डिस्क और 130 mm रियर ड्रम ब्रेक मिलते हैं। इस बाइक का ग्राउंड क्लीयरेंस 179 mm है।
रंग और कीमत
बजाज ने अपनी नई Pulsar NS 125 बाइक की एक्स-शोरूम कीमत 93,690 रुपये रखी है। बजाज ऑटो नई पल्सर NS 125 बाइक को चार कलर ऑप्शन - फियरी ऑरेंज, बर्न्ट रेड, बीच ब्लू और पीवटर ग्रे जैसे रंगों में पेश किया है।