मई महीने में वाहनों की खुदरा बिक्री में मासिक आधार पर 5.28 प्रतिशत की गिरावट आई है। क्योंकि मौजूदा गर्मी, नए मॉडलों की कमी और हाल ही में हुए लोकसभा चुनावों के कारण शोरूमों में कम लोगों का आना हुआ। ऑटो निकाय फाडा ने सोमवार को यह जानकारी दी। हालांकि, वार्षिक आधार पर बिक्री में 2.6 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।
फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (FADA) (फाडा) ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि दोपहिया वाहनों की बिक्री में सालाना आधार पर 2.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। जबकि तिपहिया वाहनों की बिक्री में 20 प्रतिशत का इजाफा हुआ। यात्री वाहनों और ट्रैक्टर सेगमेंट दोनों में ही 1 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। जबकि वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री में 4 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई।
मासिक आधार पर देखें तो दोपहिया वाहनों, यात्री वाहनों और वाणिज्यिक वाहनों की खुदरा बिक्री में क्रमशः 6.6 प्रतिशत, 9.5 प्रतिशत और 8 प्रतिशत की गिरावट आई है। हालांकि अन्य श्रेणियों के खराब प्रदर्शन के बावजूद, दोपहिया और ट्रैक्टरों की बिक्री में क्रमशः 22.7 प्रतिशत और 23.7 प्रतिशत की मासिक बढ़ोतरी दर्ज की गई।
हालांकि, आपूर्ति की कमी, ओईएम (ओरिजिनल इक्यूपमेंट मैन्युफेक्चरर) मार्केटिंग गतिविधियों की कमी और अत्यधिक गर्मी और चुनावों के प्रभाव ने बिक्री पर असर डाला। जिसके कारण दोपहिया वाहनों की खुदरा बिक्री में मासिक आधार पर 6.6 प्रतिशत की गिरावट आई है।
फाडा के अध्यक्ष मनीष राज सिंघानिया ने कहा, "अनुमानित अच्छे मानसून और वित्तीय उपलब्धता में सुधार के कारण सकारात्मक ग्रामीण मांग भी देखी गई, जिसने बिक्री को बनाए रखा।"
पैसेंजर व्हीकल्स (पीवी) की बिक्री बाजार की लिक्विडिटी के मुद्दों से प्रभावित थी। क्योंकि मॉडलों की कमी, तीव्र प्रतिस्पर्धा और ओईएम द्वारा किए गए कमजोर मार्केटिंग प्रयासों ने समस्या को और बढ़ा दिया। सिंघानिया ने कहा, "इसके अलावा, ग्राहकों द्वारा खरीद को टालने और कम पूछताछ ने बाजार की चुनौतीपूर्ण स्थितियों को और बढ़ा दिया। अत्यधिक गर्मी के कारण, शोरूम में आने वालों की संख्या में लगभग 18 प्रतिशत की गिरावट आई।"
अत्यधिक गर्मी की लहरों ने कमर्शियल व्हीकल (सीवी) सेगमेंट को भी नहीं छोड़ा। फाडा के अधिकारी ने कहा, "पिछले साल के कम आधार और बसों के ऑर्डर बढ़ने के कारण बढ़ोतरी के बावजूद, उद्योग को थोक दबाव, सरकारी नीति के प्रभावों और नकारात्मक बाजार भावना से चुनौतियों का सामना करना पड़ा।"
चुनाव अब खत्म हो चुके हैं। फाडा नजदीकी भविष्य में कुछ स्थिरता देखने की उम्मीद करता है। हालांकि यह अत्यधिक मौसम की स्थिति और जुलाई में स्कूलों के फिर से खुलने से खरीदारों के फैसला लेने को प्रभावित करने से भी चिंतित है।
फाडा ने कहा, "इन सकारात्मक संकेतों के बावजूद, तीव्र प्रतिस्पर्धा, नए मॉडल लॉन्च की कमी और ओईएम द्वारा किए गए कमजोर मार्केटिंग प्रयासों सहित चुनौतियां बनी हुई हैं। लिक्विडिटी की समस्या और उच्च इन्वेंट्री लेवल डीलरशिप के मुनाफे को प्रभावित करना जारी रखते हैं। हालांकि डिस्काउंट स्कीम और अच्छी उत्पाद उपलब्धता मौजूद हैं। लेकिन मौसमी कारकों के कारण ग्राहक द्वारा कम पूछताछ और खरीद को टालना चिंता का विषय बना हुआ है।"