फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जानें क्या होता 'भारत स्टेज-6' यानी BS6, नए इंजन वाली गाड़ियां कैसे कम करेंगी 80 फीसदी प्रदूषण!

Tue, 03 Dec 2019 08:38 AM IST
Abhishek Singh ऑटो डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
दिल्ली में वायु प्रदूषण - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

राजधानी दिल्ली और एनसीआर में बढ़ते प्रदूषण के बीच सुप्रीम कोर्ट ने बीएस-4 इंजन वाले वाहनों के उपयोग को लेकर दिल्ली पुलिस को फटकार लगाई है। सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली पुलिस से पूछा कि अगले वर्ष मार्च में जब केंद्र सरकार पूरे देश में बीएस-6 ईंधन और इंजन से वाहन चलवाने के इंतजाम का दावा कर रही है, तो दिल्ली पुलिस कैदियों को लाने और ले जाने के लिए बीएस-4 इंजन वाले 97 वाहन क्यों खरीद रही है?

विज्ञापन


बता दें कि सुप्रीम कोर्ट पहले ही ये आदेश दे चुका है कि देश में एक अप्रैल 2020 से बीएस-4 वाहनों की बिक्री और रजिस्ट्रेशन नहीं होंगे। वहीं, केंद्र सरकार तो तीन वर्ष पहले ही कह चुकी है कि बीएस-5 मानकों से आगे बढ़कर वर्ष 2020 तक बीएस-6 मानक लागू कर दिए जाएंगे।

दरअसल, बीएस-6 मानक लागू होने के बाद कारों की कीमत में तेजी से वृद्धि होगी। वर्तमान में भी देखा जाए तो पेट्रोल मॉडल के मुकाबले डीजल कारें काफी महंगी होती हैं। देश में बीएस-6 मॉडल लागू होने के बाद इसी मॉडल का ईंधन भी बिक्री के लिए तैयार होगा।
विज्ञापन


सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के अनुसार बीएस-6 लागू करने की अधिसूचना वर्ष 2017 में ही जारी कर दी गई थी, लेकिन वाहन निर्माता कंपनियों ने अधिसूचना के खिलाफ समय सीमा बढ़ाने को लेकर सुप्रीम कोर्ट में अपील की थी, जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया। अब प्रथम चरण में चारों महानगरों सहित जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, राजस्थान, पश्चिमी यूपी सहित कुछ शहरों में बीएस-6 मानक लागू होंगे। इसके बाद उत्सर्जन के नए नियम देशभर में लागू किए जाएंगे।  

क्या होता है बीएस?

भारत सरकार ने वर्ष 2000 में स्टैंडर्ड यूरोपीय मानदंडों को भारतीय अनुरूप में अपनाते हुए बीएस यानी 'भारत स्टेज' की शुरुआत की। यह गाड़ियों से होने वाले प्रदूषण के उत्सर्जन का मानक है। इसे पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के तहत केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड वाहनों के लिए तय करता है।

बीएस-3 और बीएस-4 से होने वाले नुकसान

बीएस-3 वाहनों से निकलने वाला धुआं हमारी सेहत के लिए काफी घातक है, जबकि बीएस-4 भी कुछ कम नहीं है। इनसे निकलने वाला धुआं कई बीमारियों को जन्म देता है, जैसे आंखो में जलन, नाक में जलन, सिरदर्द, फेफड़ो की बीमारी, और उल्टी आना।

पर्यावरण को फायदा

नए मानक से हवा में प्रदूषण की मात्रा में कमी आएगी। हवा में जहरीले तत्व कम होने से सांस लेने में परेशानी नहीं होगी। नाइट्रोजन ऑक्साइड, कार्बन मोनोऑक्साइड, सल्फर डाईऑक्साइड और पार्टिकुलेट मैटर के मामले में बीएस-6 ग्रेड का डीजल काफी अच्छा होगा। बीएस-4 और बीएस-3 फ्यूल में सल्फर की मात्रा 50 पीपीएम होती है। यह बीएस-6 स्टैंडर्ड आने के बाद घटकर 10 पीपीएम रह जाएगा। यानी की अभी के स्तर से 80 फीसदी कम।  

बीएस-5 लागू नहीं

बीएस-5 और बीएस-6 ईंधन में जहरीले सल्फर की मात्रा बराबर होती है। जहां बीएस-4 ईंधन में 50 पीपीएम (पार्ट्स पर मिलियन) सल्फर होता है, वहीं बीएस-5 और बीएस-6 दोनों तरह के ईंधनों में सल्फर की मात्रा 10 पीपीएम ही होती है। इसलिए सरकार ने बीएस-4 के बाद सीधे बीएस-6 लाने का फैसला किया।

बीएस अपग्रेड करने से होता क्या है?

जब भी बीएस (भारत स्टेज) को अपग्रेड किया जाता है, तो वाहनों से धुएं के रूप में होने वाले प्रदूषण पर काफी हद तक रोक लगाई जाती है। इस समय भारत में प्रदूषण काफी ज्यादा रहता है जबकि देश की राजधानी दिल्ली की हवा सबसे खतरनाक है, ऐसे में बीएस-6 को अपनाना बड़ी जरुरत बन गया है।

ईंधन और भी महंगा होगा

सरकारी तेल कंपनियां बीएस-6 ईंधन सप्लाई के लिए रिफाइनरियों में 28,000 करोड़ रुपए लगाएंगी। एक अप्रैल, 2020 से सभी कंपनियों को दिल्ली, एनसीआर और करीबी जिलों में बीएस-6 ग्रेड की ईंधन बिक्री शुरू करनी होगी। इससे पेट्रोल के दाम करीब 24 पैसे और डीजल के दाम 66 पैसे प्रति लीटर तक बढ़ जाएंगे।

पुराने वाहनों को लेकर मतभेद

बीएस-4 के पुराने वाहन चलते रहेंगे या नहीं, स्थिति साफ नहीं है, लेकिन अगर 2020 से बीएस-6 इंजन वाले वाहनों का उत्पादन जरूरी हो जाएगा तो इसे लेकर भी पॉलिसी बनानी होगी। इसमें सबसे जरूरी होगी पुराने वाहनों के लिए स्क्रैप पॉलिसी। अगर पुराने वाहन मालिक ये चाहें कि नए ईंधन की मदद से वे प्रदूषण कम करने में मदद करें तो ऐसा नहीं होगा।

बीएस-4 पेट्रोल इंजन में बीएस-6 पेट्रोल के इस्तेमाल से कोई फर्क नहीं पड़ेगा, हालांकि डीजल पर असर पड़ेगा। फिलहाल बिक रहे डीजल में सल्फर की मात्रा 50 पीपीएम और बीएस-6 डीजल में इसकी मात्रा महज 10 पीपीएम रह जाएगी। विशेषज्ञों का कहना है कि बीएस-6 फ्यूल के साथ बीएस-6 इंजन ज्यादा बेहतर परिणाम देगा।  
विज्ञापन

एडवांस इमीशन कंट्रोल सिस्टम

ये आम धारणा है कि पेट्रोल की तुलना में डीजल वाहन ज्यादा प्रदूषण देते हैं। ऐसे में अगर बीएस-6 लागू होगा तो पेट्रोल और डीजल कारों के बीच ज्यादा अंतर नहीं रह जाएगा। हालांकि इससे डीजल वाहनों से 68 फीसदी और पेट्रोल कारों से 25 फीसदी तक नाइट्रोजन ऑक्साइड का उत्सर्जन कम हो जाएगा। बीस-4 की तुलना में बीस-6 काफी बेहतर होगा और प्रदूषण को रोकने में काफी हद तक मदद मिलेगी। 

सीएसई के अनुसार बीएस-6 ईंधन से सल्फर की मात्रा बीएस-4 से पांच गुना तक कम होगी। यह काफी स्वच्छ ईंधन है। इसके इस्तेमाल से सड़कों पर चल रही पुरानी गाड़ियों से भी फैल रहा प्रदूषण कम हो जाएगा। बीएस-6 वाहनों में एडवांस इमीशन कंट्रोल सिस्टम फिट होगा। इसका पूरी तरह लाभ तभी मिलेगा, जब वाहनों में भी पूरी तरह बीएस-6 तकनीकी आएगी।

महंगाई के साथ माइलेज भी

बीएस-6 वाहन में नया इंजन और इलेक्ट्रिकल वायरिंग बदलने से वाहनों की कीमत में 15 फीसदी का इजाफा हो सकता है। बीएस-6 से वाहनों की इंजन की क्षमता बढ़ेगी। जिसका नतीजा ये होगा कि कारें 4.1 लीटर में 100 किलोमीटर से अधिक माइलेज देंगी। वाहन निर्माता कंपनियां माइलेज में फर्जीवाड़ा नहीं कर पाएंगी।  
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें