अमेरिका की एक प्रमुख इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता कंपनी Triton Electric Vehicle (ट्राइटन इलेक्ट्रिक व्हीकल) इलेक्ट्रिक वाहनों के क्षेत्र में दुनिया की सबसे बड़ी कंपनी Tesla (टेल्सा) को चुनौती देना चाहती है। इसी कड़ी में कंपनी भारत में बड़ा निवेश कर रही है।
इलेक्ट्रिक वाहनों का बाजार बड़ा हो रहा है। इसे देखते हुए कई वाहन निर्माता कंपनियां अपने नए-नए उत्पाद पेश कर रही हैं। इसी कड़ी में अमेरिका की एक प्रमुख इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता कंपनी Triton Electric Vehicle (ट्राइटन इलेक्ट्रिक व्हीकल) भारत में बड़ा निवेश कर रही है। Triton ने हाल ही में जहीराबाद में राष्ट्रीय निवेश और विनिर्माण क्षेत्र में इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए एक प्लांट बनाने के लिए तेलंगाना सरकार के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किया है।
विज्ञापन
एक आधिकारिक विज्ञप्ति में बताया गया कि आईटी और उद्योग के प्रधान सचिव जयेश रंजन और ट्राइटन इलेक्ट्रिक व्हीकल प्राइवेट लिमिटेड के इंडिया डेवलप्मेंट हेड एम मंसूर ने आईटी और उद्योग मंत्री के टी रामा राव की उपस्थिति में समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।
बयान के मुताबिक, "2,100 करोड़ रुपये के निवेश के साथ, ट्राइटन इलेक्ट्रिक व्हीकल प्राइवेट लिमिटेड तेलंगाना में एक अल्ट्रा-मॉडर्न इलेक्ट्रिक वाहन निर्माण इकाई स्थापित करेगी। यह परियोजना 25,000 से ज्यादा लोगों को रोजगार देगी और सेमी-ट्रक, सेडान, लग्जरी एसयूवी और रिक्शा सहित पहले पांच वर्षों में 50,000 वाहनों का उत्पादन करेगी।"
विज्ञापन
बयान में कहा गया है कि राज्य सरकार NIMZ (एनआईएमजेड) जहीराबाद में तेलंगाना राज्य औद्योगिक बुनियादी ढांचा निगम के जरिए फर्म को आवश्यक जमीन मुहैया कराएगी। रामा राव ने कहा कि सरकार कंपनी को प्लांट स्थापित करने के लिए आवश्यक मंजूरी हासिल करने के लिए पूरा सहयोग करेगी।
सबसे पहले ला रही है यह इलेक्ट्रिक कार
Triton N4
- फोटो : Triton
इससे पहले इस साल की शुरुआत में Triton Electric Vehicle (ट्रिटॉन इलेक्ट्रिक व्हीकल) ने एलान किया था कि वह भारत में जल्द ही अपना एक नया इलेक्ट्रिक सेडान Triton N4 लॉन्च करने वाली है। अमेरिकी कंपनी Triton इलेक्ट्रिक वाहनों के क्षेत्र में दुनिया की सबसे बड़ी कंपनी Tesla (टेल्सा) को चुनौती देना चाहती है। इसलिए टेस्ला के भारत में एंट्री करने की घोषणा के साथ ही Triton ने भी भारत में निवेश कर रही है।
कंपनी ने एक बयान में बताया था कि भारत में लॉन्च किए जाने वाले Triton N4 इलेक्ट्रिक सेडान कार अमेरिका में बनाए जाएंगे। देश में कार यह कार चार अलग-अलग वेरिएंट्स N4, N4-S, N4-R और N4-GT में उपलब्ध कराई जाएगी। N4-GT कार एक हाई परफॉर्मेंस वाला लिमिटेड एडिशन होगा। लिमिटेड एडिशन कार N4-GT के सिर्फ 100 यूनिट्स तैयार किए जाएंगे। लिमिटेड एडिशन कार N4-GT में दो अलग अलग बैटरी पैक दिया गया है।
696 किमी का रेंज देगी कार
Triton N4 के एक वैरिएंट में 75 KWh की क्षमता वाली बैटरी का इस्तेमाल किया गया है। यह बैटरी 523 किलोमीटर तक का ड्राइविंग रेंज प्रदान करती है। जबकि दूसरे हाई परफॉर्मेंस वेरिएंट में 100 kWh की क्षमता वाली बैटरी लगाई गई है जिससे कार का ड्राइविंग रेंज 696 किलोमीटर तक पहुंच जाता है। इस लिहाज से भारतीय बाजार में यह कार सबसे ज्यादा ड्राइविंग रेंज वाली इलेक्ट्रिक कार होगी।
कीमत और बुकिंग
ट्रिटॉन इलेक्ट्रिक व्हीकल ने कहा है कि, "बेस मॉडल की कीमत 35 लाख रुपये होगी। इससे पता चलता है कि कंपनी ने भारतीय बाजार की जरूरतों को पूरा करने के लिए कितना ज्यादा मार्केट रिसर्च किया है।" कंपनी ने कहा कि उसने अपनी वेबसाइट पर भारतीय ग्राहकों के लिए मॉडल की प्री-लॉन्च बुकिंग काफी पहले शुरू कर दी है।