निसान इंडिया (Nissan India) अपनी सबकॉम्पैक्ट एसयूवी Nissan Magnite को 26 नवंबर को भारतीय बाजार में लॉन्च करेगी। इसमें कई सेगमेंट फर्स्ट फीचर्स मिलेंगे। हालांकि, लोगों के जहन में सबसे बड़ा सवाल यह है कि Magnite भारत की सड़कों पर कितना माइलेज देगी? तो अब इसका जवाब कंपनी ने खुद दे दिया है। निसान ने अपनी Magnite के सभी इंजन की ARAI-सर्टिफाइड फ्यूल इफिशियंसी जारी कर दी है। इसके मुताबिक टर्बो इंजन के साथ 5-स्पीड मैनुअल ट्रांसमिशन में 20 किलोमीटर प्रति लीटर का माइलेज मिलेगा। वहीं, इसके CVT मॉडल में ग्राहकों को 17.7 kmpl का माइलेज मिलेगा।
इससे पहले मिली जानकारी के मुताबिक Nissan Magnite की डीलरशिप लेवल पर प्रीबुकिंग शुरू हो गई है, जहां ग्राहक 25,000 रुपये की टोकन राशि देकर इसे प्रीबुक कर सकते हैं। हालांकि, कंपनी की तरफ से प्रीबुकिंग को लेकर अभी कोई भी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। लेकिन माना जा रहा है कि आने वाले कुछ दिनों के अंदर ही कंपनी इसका एलान कर देगी।
बता दें कि निसान इंडिया ने अपनी Nissan Magnite के स्पेसिफिकेशन्स पर से पहले ही पर्दा हटा दिया है। वहीं, इंटरनेट पर इसके वेरिएंट दर वेरिएंट की कीमतें भी लीक हो चुकी हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 5.5 लाख रुपये होगी। हालांकि, रिपोर्ट्स के दावे कितने सही हैं, इसका पता 26 नवंबर 2020 को पता चलेगा।
Nissan की आने वाली Magnite, रेनो-निसान के CMF-A+ प्लेटफॉर्म पर काम करेगी। इसका लुक काफी एग्रेसिव है। इसमें बोल्ड स्टाइलिंग के साथ बड़े क्रोम बॉर्डर ग्रिल, स्लिक हेडलैंप्स के साथ एलईडी प्रोजेक्टर लाइट्स, एलईडी डेटाइम रनिंग लैप्स और एम्पल बंपर, व्हील आर्क और अंडरबॉडी क्लेडिंग दी गई है। ग्राहकों को इसमें डुअल-टोन रूफ ऑप्शन, डुअल-टोन अलॉय व्हील्स, सिल्वर रूफ रेल्स, रियर स्प्वाइलर के साथ एलईडी टेललाइट्स मिलेंगे।
भारतीय बाजार में कंपनी अपनी नई Nissan Magnite को चार वेरिएंट्स में लॉन्च करेगी। इनमें XE, XL, XV Upper और XV Premium शामिल होंगे। इसमें ग्राहकों को 20 अलग-अलग ग्रेड्स में से चुनने का विकल्प मिलेगा। यहां ग्राहक इंजन, ट्रांसमिशन और ऑप्शनल फीचर के आधार पर अपनी पसंद की ट्रिम और मॉडल को चुन सकेंगे। वहीं, इसके परफॉर्मेंस की बात करें तो इसमें 1.0 लीटर का टर्बोचार्ज्ड पेट्रोल इंजन मिलेगा। इसका इंजन 5 स्पीड मैनुअल ट्रांसमिशन से लैस होगा। इसके अलावा इसमें CVT का विकल्प भी मिलेगा।