नया मोटर व्हीकल एक्ट-2019 लागू होने के बाद दिल्ली-NCR समेत देशभर के कई राज्यों में चालान के अजब-अजब मामले सामने आ रहे हैं। इस बीच एक ताजा मामला सामने आया है। दादरी के रहने वाले नीरज कुमार ने यूपी ट्रैफिक पुलिस की अजब चूक की तरफ इशारा किया है। नीजर कुमार के मुताबिक यूपी पुलिस ने उनकी ऑल्टो कार (Alto Car) का 1000 रुपये का चालान काटा है, और चालान में जो जगह बताई गई है, वे वहां मौजूद ही नहीं थे। इतना ही नहीं चालान में ट्रैफिक नियम उल्लंघन का विवरण भी नहीं दिया गया है।
गलत चालान का मामला कुछ दिन पहले दिल्ली के रहने वाले सार्क देब के साथ भी हुआ था । सार्क देब के मुताबिक, यूपी पुलिस ने उनकी ऑल्टो कार (Alto Car) का चालान इसलिए कर दिया क्योंकि वो कार को 144 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चला रहे थे, लेकिन हकीकत तो यह है कि ऑल्टो कार इस गति से चलाई नहीं जा सकती है।
यातायात पुलिस की तरफ से एक और बड़ी चूक का मामला हाल ही में सामने आया था, जब ऑनलाइन ई-चालान सिस्टम के तहत एक कार चालक का 500 रुपए का चालान इसलिए काट दिया गया था क्योंकि उसने कार चलाते समय हेलमेट नहीं पहना हुआ था। चालक ने जब इसका विरोश किया तो उसे यह कहकर भेज दिया गया कि इस मामले की जांच की जायेगी और सही पाए जाने के बाद चालान कैंसिल कर दिया जाएगा।