दिलचस्प बात यह है कि मैकलारेन की वेबसाइट पर आधिकारिक तौर पर भारत को कॉन्फिगरेशन सेक्शन में लिस्ट किया गया है। जो अब तक उनकी वेबसाइट पर गैर मौजूद था। इसके अलावा, मद्रास एक्सोटिक कार क्लब के संस्थापक और कई सुपरकारों के मालिक मनोज लुल्ला ने हाल ही में यूके में मैकलारेन के टेक्निकल सेंटर से सोशल मीडिया इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट साझा की है। लुल्ला ने लिखा, "मैकलारेन आखिरकार भारत में एंट्री कर रही है। अगले हफ्ते से आधिकारिक कीमतों के बारे में पता चल जाएगा।"
हालांकि मैकलारेन एक ब्रांड के रूप में किसी परिचय की मोहताज नहीं है। लेकिन जो इसके बारे में नहीं जानते हैं, बता दें कि मैकलारेन सुपर, स्पोर्ट्स और अल्टीमेट सीरीज परफॉर्मेंस कार बनाने वाले सबसे प्रतिष्ठित सुपरकार निर्माताओं में से एक है। मैकलारेन का पूरा प्रॉडक्ट पोर्टफोलियो कार्बन फाइबर स्ट्रक्चर आधारित वाहनों का है। कंपनी अपने चार मॉडल्स - GT, Artura, 720S और 720S Spider के साथ आधिकारिक तौर पर भारत में एंट्री कर सकती है। रिपोर्ट के मुताबिक मैकलारेन देश में संभावित ग्राहकों तक भी पहुंच रही है।
बता दें कि McLaren भले ही भारतीय बाजार में अब तक मौजूद ना हो, लेकिन सुपरकारों के शौकीन मैकलारेन की कारों को भारत में आयात कर चलाते रहे हैं। बंगलूरू के रंजीत सुंदरमूर्ति उर्फ आरएसएम ने भारत की पहली मैकलारेन कार को कारनेट स्कीम के जरिए खरीदी थी। हालांकि उन्हें आयात की गई कारों की योजना के आधार पर भारत में इस कार को एक निश्चित अवधि के लिए चलाने की अनुमति दी गई है।
McLaren का भारतीय बाजार में Lamborghini (लेम्बोर्गिनी), Porsche (पोर्शे), Ferrari (फरारी) और Mercedes-AMG (मर्सिडीज-एएमजी) जैसे अन्य विदेशी निर्माताओं की कारों से मुकाबला होगा। हालांकि अभी कंपनी की ओर से आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।