पिछले महीने 10 सबसे ज्यादा बिकने वाली कारों में से 6 Maruti Suzuki (मारुति सुजुकी) की थीं। अनलॉक 3.0 के बीच देश में स्थिति सामान्य होने की तरफ बढ़ रही है, लेकिन जुलाई के महीने में सबसे ज्यादा प्रतिस्पर्धा वाले कॉम्पैक्ट एसयूवी सेगमेंट में थोड़ा कमी देखी गई।
जुलाई में, सबसे ज्यादा बिकने वाली कॉम्पैक्ट एसयूवी होने के बावजूद, मारुति सुजुकी विटारा ब्रेजा देश में 10 सबसे ज्यादा बिकने वाली कारों में जगह पाने में असफल रही। हालांकि ब्रेजा ने ह्यूंदै वेन्यू, टाटा नेक्सन और महिंद्रा एक्सयूवी 300 जैसी लोकप्रिय एसयूवी को बिक्री के मामले में हरा दिया। भारतीय ऑटो दिग्गज मारुति सुजुकी ने जुलाई के महीने में विटारा ब्रेजा की 7,807 यूनिट्स बेचीं, जो पिछले साल की समान अवधि में बिक्री की तुलना में 47 फीसदी की बढ़ोतरी है।
देश में BS6 मानकों को लागू होने से पहले ही Maruti Suzuki Vitara Brezza, जो पहले केवल डीजल पावरट्रेन के साथ उपलब्ध थी, पेट्रोल इंजनों के साथ लॉन्च की गई थी। अपडेटेड कॉम्पैक्ट एसयूवी 1.5-लीटर के-सीरीज BS6 पेट्रोल इंजन से लैस है। कॉम्पैक्ट एसयूवी को 5-स्पीड मैनुअल और स्मार्ट हाइब्रिड के साथ एडवांस्ड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के साथ पेश किया जाएगा।
एसयूवी का इंटीरियर पहले की तरह एक डार्क थीम और कुछ ग्रे शेड्स के साथ है। डैशबोर्ड में अब मारुति का लेटेस्ट स्मार्टप्ले स्टूडियो टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलता है। हालांकि इस कार में सेगमेंट की अन्य प्रतिद्वंद्वी कारों में मिलने वाला eSIM आधारित कनेक्टिविटी फीचर अभी भी नहीं दिया गया है।