मारुति सुजुकी इंडिया की कॉम्पैक्ट सिडान डिजायर जुलाई माह में भारतीय बाजार में सर्वश्रेष्ठ बिक्री वाली यात्री कार बन गई है। डिजायर ने यह मुकाम अपनी ही कंपनी की शुरुआती स्तर की कार ऑल्टो को पछाड़ कर हासिल किया है।
सोसाइटी ऑफ इंडिया ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (सियाम) के ताजे आंकड़ों के अनुसार डिजायर ने जुलाई माह में 25,647 इकाइयों की बिक्री के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया है। पिछले वर्ष की समान अवधि में डिजायर ने 14,703 इकाइयों की बिक्री के साथ पांचवां स्थान हासिल किया था।
पिछले वर्ष के जुलाई महीने में 26,009 इकाइयों की बिक्री के साथ शीर्ष स्थान हासिल करनी वाली ऑल्टो इस वर्ष की समान अवधि में 23,371 इकाइयों की बिक्री के साथ एक पायदान नीचे आ गई।
जबकि जुलाई 2017 में 13,738 इकाइयों की बिक्री पर छठा पायदान हासिल करने वाली एमएसआई की लोकप्रिय हैचबैक स्विफ्ट जुलाई 2018 में 19,993 इकाइयों की बिक्री के साथ तीन पायदान चढ़कर सूची में तीसरे स्थान पर रही। पिछले वर्ष की जुलाई के मुकाबले बलेनो इस वर्ष 17,960 इकाइयों की बिक्री के साथ दो पायदान नीचे खिसक कर चौथे स्थान पर आ गई।