देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी Maruti Suzuki (मारुति सुजुकी) जुलाई से अपने वाहनों के दाम बढ़ाने की तैयारी में है। मारुति सुजुकी ने आज एक बयान जारी कर अपने वाहनों की कीमत में होने वाले बदलाव की पुष्टि की है। कीमतों में बढ़ोतरी के बाद वाहन निर्माता के लाइनअप में विभिन्न मॉडलों के दाम बढ़ जाएंगे। हालांकि, कार निर्माता ने इसका खुलासा नहीं किया है कि अगले महीने से लागू होने वाली इन बढ़ोतरी में किस मॉडल की कीमत में कितना इजाफा किया जाएगा।
मारुति सुजुकी ने वाहनों की कीमत बढ़ाने के कारण के लिए बढ़ती इनपुट लागत, यानी कार निर्माता द्वारा प्रत्येक वाहन के उत्पादन करने की लागत को जिम्मेदार ठहराया। मारुति सुजुकी ने सोमवार को एक नियामक फाइलिंग में जारी बयान में कहा, "यह आपको सूचित करने के लिए है कि पिछले एक साल में विभिन्न इनपुट लागतों में बढ़ोतरी के कारण कंपनी के वाहनों की लागत पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। इसलिए, कंपनी के लिए यह अनिवार्य हो गया है कि इस अतिरिक्त लागत का कुछ प्रभाव ग्राहकों को मूल्य वृद्धि के जरिए दिया जाए।"
इससे पहले अप्रैल में बढ़े थे दाम
Maruti Suzuki S-Cross
- फोटो : For Representation Only
यह इस साल में पहली बार नहीं है जब मारुति सुजुकी ने अपने कारों की कीमतों में बढ़ोतरी कर रही है। इससे पहले कार निर्माता ने अप्रैल में बड़े पैमाने पर कीमतों में बढ़ोतरी की थी। तब मारुति की कारों की कीमत में अधिकतम 22,500 रुपये तक इजाफा किया गया था। इस वजह से विभिन्न मॉडल के दिल्ली एक्स-शोरूम कीमतों में औसत 1.6 फीसदी की बढ़ोतरी हुई थी।
मारुति ने कहा, "कीमतों में बढ़ोतरी की योजना दूसरी तिमाही में बनाई गई है और विभिन्न मॉडलों के लिए वृद्धि अलग-अलग होगी।"
मारुति सुजुकी इस समय देश भर में 14 मॉडल पेश करती है। इनमें से सिर्फ पांच मॉडल इसके प्रीमियम रिटेल आउटलेट - नेक्सा शोरूम के जरिए बेचे जाते हैं। अन्य मॉडलों की बिक्री कंपनी अपने अरीना शोरूम के जरिए करती है।
तीसरी बार बढ़ोतरी
Maruti Suzuki Swift
- फोटो : Maruti Suzuki
जुलाई से प्रभावी होने वाली कीमतों में बढ़ोतरी, मारुति सुजुकी के लिए इस साल तीसरी होगी। अप्रैल से पहले, इस साल 18 जनवरी को, वाहन निर्माता ने इनपुट लागत में बढ़ोतरी का हवाला देकर चुनिंदा मॉडलों की कीमतों में बढ़ोतरी करने की घोषणा की थी। उस समय, मारुति कारों की कीमतों में 34,000 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई थी।
बता दें कि पिछले वित्त वर्ष 2020-21 में भारतीय कार बाजार में मारुति सुजुकी का दबदबा रहा। टॉप 5 सबसे ज्यादा बिक्री वाली कारें मारुति सुजुकी की हैं। मारुति सुजुकी स्विफ्ट कंपनी की बेस्ट सेलिंग कार बनी हुई है। मारुति ने वित्त वर्ष 2020-21 में स्विफ्ट की 1.72 लाख यूनिट्स बेचीं। कंपनी ने इस साल की शुरुआत में हैचबैक के अपडेटेड वर्जन को लॉन्च किया है।
कंपनी हैचबैक से लेकर सेडान, एसयूवी और एमपीवी सेगमेंट में कई सारे मॉडल बेचती है। ग्राहक मारुति सुजुकी की कारों को काफी पसंद करते हैं। कई कारें ऐसी हैं जो दशकों से ग्राहकों की पसंद बनी हुई हैं।