गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स लागू होने के बाद से ही वाहन निर्माता कंपनियां अपने गाड़ियों के मॉडल की कीमत में कटौती कर रही हैं। बजाज ऑटो ने गुरुवार को अपनी ऑस्ट्रेलियन सहयोगी केटीएम की बाइक्स की कीमत में 8,600 रुपये की कटौती की है। बजाज ऑटो ने बताया कि केटीएम की ड्यूक 200, आरसी 200 और ड्यूक 250 की कीमतें 8,600 रुपये कम की गई हैं।
साथ ही उन्होंने बताया कि 350 सीसी से ऊपर की केटीएम ड्यूक 390 और आरसी 390 की कीमतों में 5,900 रुपये तक की कटौती की गई है।
गौरतलब है कि जीएसटी लागू होने के बाद से ऑटो कंपनियां अपनी गाड़ियों की कीमत कम कर रही हैं, जबकि 350 सीसी से ऊपर की बाइक्स की कीमतें बढ़ी हैं। दो पहिया निर्माता कंपनियां टीवीएस मोटर, होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूरटर इंडिया, हीरो मोटोकॉर्प, बजाज ऑटो,रॉयल एनफील्ड, यमाहा और सुजुकी मोटरसाइकिल ने अपनी बाइक्स की कीमतों में कटौती की है।