भारतीय बाजार में तेजी के साथ दुपहिया बाजार हिस्सेदारी पर अपना कब्जा जमाती एचएमएसआई ने एक नया रिकॉर्ड बनाया है। बीते माह होंडा ने भारतीय बाजार में महज 30 दिन में 1 लाख शाइन मोटरसाइकिल की बिक्री की है। कंपनी ने यह जानकारी अपने एक आधिकारिक स्टेटमेंट में दी है। यह कारनामा कंपनी ने बीते अप्रैल माह में किया। इस अवधि में कंपनी ने 100824 शाइन की बिक्री की। शाइन 125 सीसी सेगमेंट की मोटरसाइकिल है और इस वर्ग में यह लीडरशिप पोजीशन पर सालों से बनी हुई है। शाइन की बिक्री 2016 के अप्रैल माह की तुलना में 51 फीसदी ज्यादा है। पिछले साल अप्रैल माह में कंपनी ने इस अवधि में 66 हजार 691 मोटरसाइकिलें बेची थी।
इसके साथ ही सीबी शाइन की बाजार हिस्सेदारी अब 15 फीसदी बढ़कर 54 फीसद तक पहुंच चुकी है। इस बारे में बात करते हुए कंपनी के सीनियर वाइस प्रेसीडेंट यदविंदर सिंह गुलेरिया ने बताया कि"होंडा इंडिया लाइनअप का शाइन बेहद महत्वपूर्ण ब्रांड है और लोगों को इसकी गुणवत्ता तथा कॉस्ट ऑफ ऑनरशिप प्रभावित करती रही है। इसके बदौलत हम आज यहां तक पहुंचे हैं।"
होंडा सीबी शाइन को भारतीय बाजार में 2006 में लॉन्च किया गया था। तबसे लेकर अब तक हमेशा इसकी बिक्री में सिर्फ बढ़ोत्तरी देखी गई है। अब तक भारतीय बाजार में कंपनी ने कुल 55 लाख सीबी शाइन की बिक्री की है। इस मोटरसाइकिल में 124.73 सीसी 4 स्ट्रोक एयरकूल्ड इंजन लगा है जो कि 10.16 पीएस की शक्ति 7500 आरपीएम पर तथा 10.30 एनएम का टॉर्क 5500 आरपीएम पर पैदा करता है। यह एक शानदार मोटरसाइकिल है जो भारतीय ग्राहकों को शुरू से ही काफी पसंद आ रही है।