फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोविड-19: हीरो मोटोकॉर्प 24 मई से अपने सभी प्लांट में कामकाज फिर से करेगी शुरू

Sat, 22 May 2021 06:17 PM IST
अमर शर्मा ऑटो डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

हीरो मोटोकॉर्प पहले ही 17 मई से अपने हरियाणा और हरिद्वार स्थित प्लांट में कामकाज सिंगल शिफ्ट में शुरू कर चुकी है। अब वह 24 मई 2021 से देश में अपने सभी प्लांट में धीरे-धीरे उत्पादन फिर से शुरू करेगी।
विज्ञापन
Hero Motocorp Plant - फोटो : For Reference Only
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

Hero MotoCorp (हीरो मोटोकॉर्प) ने शनिवार को एलान किया कि वह भारत में अपने उत्पादन प्लांट (विनिर्माण संयंत्रों) में परिचालन फिर से शुरू करने की दिशा में कमर कस रही है। कंपनी ने कहा है कि वह 24 मई 2021 से देश में अपने सभी प्लांट में धीरे-धीरे उत्पादन फिर से शुरू करेगी। 
विज्ञापन

कंपनी ने पहले ही 17 मई से अपने हरियाणा और हरिद्वार स्थित प्लांट में उत्पादन का कार्य सिंगल शिफ्ट में शुरू कर दिया है। इसके अलावा, राजस्थान, गुजरात और आंध्र प्रदेश में हीरो के अन्य प्लांट में भी सोमवार (24 मई) से सिंगल शिफ्ट में कामकाज शुरू हो जाएगा। हीरो ने कहा कि वह स्थिति की निगरानी करना जारी रखेगा और भविष्य की स्थिति के आधार पर धीरे-धीरे डबल-शिफ्ट में उत्पादन की ओर बढ़ेगा। 

कंपनी ने इससे पहले मीडिया को शनिवार को भेजे गए एक बयान में यह भी बताया कि कंपनी ने हीरो मोटोकॉर्प के 45 साल से अधिक उम्र के कुल कर्मचारियों में से 90 फीसदी से ज्यादा का टीकाकरण पहले ही कर लिया है। साथ ही, इसने बचे कर्मचारियों का टीकाकरण करने के लिए कंपनी में एक पहल शुरू की है। 

कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर कंपनी ने कहा है कि प्लांट में काम के दौरान कर्मचारियों की सुरक्षा का पूरा ख्याल रखा जाएगा। इसके लिए बेहतर तरीके से सैनिटाइजेशन किया जाएगा और हाइजीन का ख्याल रखा जाएगा। 

कंपनी ने हाल ही में कोविड-19 की दूसरी लहर के खिलाफ लड़ाई में गुरुग्राम में 100-बेड की कोविड-19 देखभाल सुविधा बनाने की भी घोषणा की है। कंपनी ने यह चिकित्सा सुविधा स्थापित करने के लिए गुरुग्राम के जिला प्रशासन के साथ साझेदारी की है। 

गुरुग्राम के उपायुक्त यश गर्ग ने कहा था, "कोविड केयर सेंटर हमारे चिकित्सा के बुनियादी ढांचे को बढ़ाने में मदद करेगा और हमें जिले में प्रभावित लोगों के लिए हमारी राहत गतिविधियों के दायरे को व्यापक बनाने में सक्षम करेगा।"

हीरो मोटोकॉर्प ने 22 अप्रैल से देश के सभी 6 प्लांट में बंदी की घोषणा की थी। जिसमें हरियाणा स्थित धारूहेड़ा और गुरुग्राम, आंध्र प्रदेश में चित्तूर, उत्तराखंड में हरिद्वार, राजस्थान में नीमराना, और गुजरात में हलोल सहित अपने सभी छह विनिर्माण इकाइयों में कामकाज अस्थाई रूप से बंद किया गया था। इन संयंत्रों की कुल वार्षिक उत्पादन क्षमता 90 लाख इकाई है। इस बंदी में नीमराना स्थित ग्लोबल पार्ट्स सेंटर (जीपीसी) और जयपुर स्थित आरएंडडी संयंत्र - सेंटर ऑफ इनोवेशन एंड टेक्नोलॉजी (सीआईटी) भी शामिल था। 

बता दें कि Hero MotoCorp जल्द ही इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर उतारने की तैयारी में है। रिपोर्ट के मुताबिक हीरो मोटोकॉर्प वर्ष 2022 की पहली तिमाही यानी जनवरी-मार्च के दौरान एक ऑल-न्यू इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर लॉन्च करेगी। हीरो मोटोकॉर्प ने हाल ही में ताइवान की कंपनी Gogoro (गोगोरो) के साथ हाथ मिलाया है। यह कंपनी बैटरी स्वैपिंग नेटवर्क बनाने के लिए जानी जाती है। गोगोरो ताइवान में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर भी बेचती है। इस साझेदारी के बाद यह चर्चा तेज हो गई है कि हीरो मोटोकॉर्प इलेक्ट्रिक वाहन लॉन्च करने वाली है। 

 
विज्ञापन

हीरो मोटोकॉर्प 2025 तक देश में कुल 50 नए प्रोडक्ट लॉन्च करने की योजना बना रही है। इसमें नए मॉडल, वैरिएंट और मौजूदा मॉडल के फेसलिफ्ट शामिल हैं। हीरो ने बताया कि कंपनी अगले पांच सालों के लिए हर साल कम से कम 10 नए प्रोडक्ट लॉन्च करने पर काम कर रही है। हीरो मोटोकॉर्प के चेयरमेन और सीईओ डॉ. पवन मुंजाल का कहना है कि यह कदम निश्चित रूप से हीरो मोटोकॉर्प को भारतीय बाजार में आगे बढ़ने में मदद करेगा।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें