हीरो मोटोकार्प ने चुपचाप तरीके से अपनी एचएफ डीलक्स को आई3 एस तकनीक के साथ भारत में 49 हजार 900 रुपये में लॉन्च कर दिया है। इस मोटरसाइकिल की ऑन रोड कीमत मुंबई में 59 हजार 400 रुपये के आसपास आ रही है। एचएफ डीलक्स आई3एस टॉप मॉडल होगा। इसके निचले वेरिएंट में किक स्पोक(39,897) और ईको (48449) रुपये है।
अगर आप इन मोटरसाइकिलों व इसके बीच में कोई अंतर ढूंढेंगे तो वह होगा आई3एस जो कि हीरो की नई तकनीक है। इसके अलावा कुछ नए ग्राफिक्स भी इस मोटरसाइकिल पर नजर आएंगे। आई3एस तकनीकि में सबसे बड़ा बदलाव ये है कि जब आप भारी यातायात में होते हैं या लाइट पर खड़े होते हैं तो इसका इंजन बंद हो जाता है जिससे मोटरसाइकिल ज्यादा माइलेज देती है। जैसे ही आप आगे बढ़ने के लिए क्लच को दबाते हैं इसका इंजन तुरंत फिर शुरू हो जाता है। मौजूदा समय में लोगों को यह तकनीकि इसलिए ज्यादा पसंद आ रही है क्योंकि इससे ज्यादा माइलेज मिल रहा है।
हालांकि हीरो ने इस बात का जिक्र नहीं किया है कि यह कितना माइलेज देती है पर माना जा रहा है कि कम से कम यह 72 किमीप्रली का माइलेज देने में सक्षम है। इसमें 97.2 सीसी का इंजन लगा है जो कि 8.36 पीएस की शक्ति व 8.05 एनएम का टॉर्क देता है और अब इस इंजन को कंपनी ने बीएस4 नॉम्स के अनुसार अपग्रेड कर दिया है।