फ्लोरिडा में एक व्यक्ति को कोविड-19 के दौरान कारोबार में राहत के मिले बेलआउट के पैसों का दुरुपयोग करते हुए पाया गया है। उसने इन पैसों से कुछ लक्जरी सामानों की खरीदारी कर डाली। जिनमें से एक लेम्बोर्गिनी हुराकन स्पोर्ट्स कार थी।
29 वर्षीय इस व्यक्ति की पहचान डेविड हाइन्स के रूप की गई है। उसने इन पैसों से मियामी बीच रिसॉर्ट्स में रहने और अन्य लक्जरी वस्तुओं का भुगतान किया।
अमेरिकी न्याय विभाग ने कहा, "फ्लोरिडा के एक व्यक्ति को पेचेक प्रोटेक्शन प्रोग्राम (PPP) लोन में 3.9 मिलियन डॉलर (करीब 29 करोड़ रुपये) की राशि धोखाधड़ी कर हासिल करने और उसके इस्तेमाल करने के आरोप में गिरफ्तारी किया गया है। इन पैसों से उसने अपने लिए एक स्पोर्ट्स कार भी खरीदी। अधिकारियों ने गिरफ्तारी के समय 318,000 डॉलर (करीब 2.38 करोड़ रुपये) की स्पोर्ट्स कार और बैंक खातों से 3.4 मिलियन डॉलर (करीब 25 करोड़ रुपये) जब्त किए।"
फ्लोरिडा में अमेरिकी मुख्य मजिस्ट्रेट न्यायाधीश के सामने पेश किए गए डेविड हाइन्स पर बैंक धोखाधड़ी, वित्तीय संस्थान को गलत बयान देने और गैरकानूनी आय में लेनदेन में संलग्न होने का आरोप लगाया गया।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि विभिन्न कंपनियों की ओर से बीमित वित्तीय संस्थान को दिए गए आवेदनों के जरिए हाइन्स ने PPP लोन में लगभग 13.5 मिलियन डॉलर (करीब एक अरब रुपये) की मांग की। शिकायत में आरोप लगाया गया कि हाइन्स ने लोन के लिए फर्जी आवेदन पत्र पेश किए हैं, जो कंपनियों के संबंधित नियंत्रण के बारे में कई गलत और भ्रामक जानकारी देते हैं। वित्तीय संस्थान ने लोन के रूप में लगभग 3.9 मिलियन डॉलर (करीब 29 करोड़ रुपये) की मंजूरी और पैसे दे दिए।
शिकायत में आगे आरोप लगाया गया है कि पीपीपी फंड मिलने के कुछ दिनों के भीतर, हाइन्स ने लगभग 318,000 डॉलर में 2020 Lamborghini Huracan (लेम्बोर्गिनी हुराकैन) स्पोर्ट्स कार खरीदी, जिसे उन्होंने अपने नाम और अपनी एक कंपनी के नाम पर संयुक्त रूप से पंजीकृत किया। शिकायत में आरोप लगाया गया कि पीपीपी फंडों मिलने के बाद हाइन्स ने पेरोल भुगतान नहीं किया जो उसने अपने लोन आवेदनों पर दावा किया था। हालांकि, उन्होंने मियामी बीच में रिसॉर्ट्स में लक्जरी सामानों की खरीदारी की।