जीप अब पूरी तरह से अपनी मेड इन इंडिया एसयूवी जीप कंपास के साथ तैयार है। फिएट के महाराष्ट्र स्थित रंजनगांव प्लांट से यह एसयूवी गुरुवार को रोल आऊट हो रही है। इसकी पूरी तैयारी जीप ने कर ली है। यह प्लांट कंपनी के प्रमुख निर्माण युनिट के रूप में काम करेगी, यहां पर न सिर्फ कंपास एसयूवी को भारत में बेचने के लिए बनाया जाएगा बल्कि कई अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में इस गाड़ी को यहीं से बनाकर बेचा जाएगा जैसे कि जापान और यूके। कंपास के प्रोडक्शन के लिए जीप व फिएट ने मिलकर इस मॉडल के लिए 280 मिलियन अमेरिकी डॉलर का निवेश किया है। इस एसयूवी का 70 फीसदी हिस्सा स्थानीय स्तर पर निर्मित है।
वैश्विक स्तर पर कंपास 17 इंजन विकल्पों और ड्राइवट्रेन कंफीगरेशन में मौजूद होगा जिनमें से कुछ का निर्माण भारत में ही किया जाएगा और इन्हें अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में बेचा जाएगा। कंपास को रेनेगेड के प्लेटफॉर्म पर ही बनाया जा रहा है। लेकिन कंपास का व्हीलबेस लंबा होगा तथा केबिन में जगह ज्यादा होगी, इस गाड़ी के सस्पेंशन सिस्टम को भी थोड़ा मोडीफाई किया गया है।