FCA India (एफसीए इंडिया) ने भारत में अपनी लोकप्रिय एसयूवी 2020 Jeep Compass (2020 जीप कंपास) की 547 यूनिट्स को रिकॉल किया है। इस एसयूवी की वाइपर असेंबली में इस्तेमाल किए गए ब्रेस नट में एक फिटमेंट इश्यू को सुधारने के लिए कंपनी ने इन्हें खुद से वापस मंगाया है। क्वालिटी कंट्रोल यूनिट द्वारा इस समस्या को ढूंढे जाने के बाद कंपनी ने एहतियाती तौर पर गाड़ियों को रिकॉल करने के लिए इस प्रक्रिया को शुरू किया। कंपनी ने यह भी साफ किया है कि प्रभावित वाहनों को इसी साल बनाया गया था।
कंपनी ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि, "टॉर्क-प्रेरित ब्रेस नट को वाइपर पाइवट असेंबली पर वाइपर आर्म को मजबूती से जकड़ना चाहिए, जिससे सक्रिय होने पर वे एक यूनिट के रूप में काम करते हैं। ब्रेस नट के खराबी की वजह से स्टीयरिंग व्हील के पीछे वाइपर कॉम्बी-स्विच द्वारा सक्रिय होने पर वाइपर नहीं घूमता है। ब्रेस नट को कसने से वाइपर पाइवट पर इसकी पकड़ में सुधार होगा, जिससे इसकी खराबी की संभावना खत्म हो जाएगी। वाहन में वाइपर के ठीक से काम करते रहने के लिए यह सुधार एहतियातन किया गया है।"
एफसीए इंडिया के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक पार्थ दत्ता ने कहा, "हम अपने ग्राहकों की सुरक्षा और अपने वाहनों की गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हैं। मुझे खुशी है कि हम जल्दी से इस खराबी को ढूंढ पाए और अपने ग्राहकों को सुरक्षित और खुश रखने के लिए एहतियाती उपाय उठा सके। हम यह सुनिश्चित करने में गर्व महसूस करते हैं कि जीप ब्रांड के वाहन सड़क पर सबसे भरोसेमंद और विश्वसनीय वाहन बने हुए हैं।"
कार निर्माता ने प्रभावित MY20 जीप कंपास रिकॉल करने के लिए ग्राहकों को सूचित करना शुरू कर दिया है। आवश्यक कार्यों के साथ एक नियोजित मूल्यांकन को लागू करने के लिए फोन कॉल और ईमेल के जरिए ग्राहकों से संपर्क करने के लिए अधिकृत कार्यशालाओं द्वारा इसकी शुरुआत कर दी गई है। हालांकि, ब्रेस नट को कसने की पूरी प्रक्रिया में 15 मिनट से ज्यादा का समय नहीं लगेगा। इसके साथ ही, कंपनी इस पूरी एहतियाती कार्रवाई के लिए ग्राहकों से कोई फीस नहीं लेगी।
हालांकि ब्रेस नट को कसना बहुत आसान लग सकता है, लेकिन यह महत्वपूर्ण है कि नट को कसने के लिए एक विशेष उपकरण द्वारा एक उपयुक्त टॉर्क से कसा जाए। इसलिए कंपनी ने ग्राहकों को यह सलाह दी है कि वे प्रशिक्षित तकनीशियनों द्वारा अधिकृत कार्यशालाओं में ही इसे करवाएं और इस प्रक्रिया को घर में ना आजमाएं।