देश में ग्रीन मोबिलिटी को बढ़ावा देने के लिए सरकार कई योजनाओं पर काम कर रही है। पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दाम के बीच सरकार देश में इलेक्ट्रिक ट्रैकटर लॉन्च कर रही है। देश के पहले सीएनजी ट्रैक्टर को पेश करने के बाद, अब केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने एलान किया है कि वह जल्द ही भारत में एक ऑल-न्यू इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर लॉन्च करेंगे। गडकरी ने शुक्रवार को 'गो इलेक्ट्रिक' अभियान के लॉन्चिंग के दौरान कहा, "मैं अगले 15 दिनों में एक इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर लॉन्च करूंगा।" उन्होंने यह भी कहा कि इससे तेल के आयात पर भारत की निर्भरता को कम करने में मदद मिलेगी।
कैसा होगा नया ईवी ट्रैक्टर
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री ने आनेवाली इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर कैसी होगी, इसके बारे में कोई जानकारी नहीं दी है। इसलिए बैटरी से चलनेवाले इस कृषि वाहन के बारे में ज्यादा जानकारी सामने नहीं आ पाई है। इसके साथ ही उन्होंने सरकार के मंत्रालयों और विभागों में सभी अधिकारियों के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल को अनिवार्य बनाने का भी सुझाव दिया है।
उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि सरकार को परिवारों को रसोई गैस के लिये सब्सिडी देने के बजाए बिजली से चलने वाले खाना पकाने के उपकरण खरीदने को लेकर सहायता देनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि सिर्फ दिल्ली में 10 हजार इलेक्ट्रिक बसों के इस्तेमाल से हर महीने 30 करोड़ रुपये की बचत होगी।
हाल में सीएनजी ट्रैक्टर किया पेश
हाल ही में नितिन गडकरी ने रेट्रोफिटेड सीएनजी ट्रैक्टर का अनावरण किया है। यह एक डीजल इंजन वाला ट्रैक्टर है जिसे सीएनजी में बदला गया है। केंद्रीय मंत्री गडकरी इस ट्रैक्टर के मालिक हैं जिसे सीएनजी में परिवर्तित किया गया था। सरकार का दावा है कि इससे किसानों को परिचालन लागत कम करके अपनी आय बढ़ाने में मदद मिलेगी। गडकरी का दावा है कि औसतन, किसान डीजल पर हर साल 3 लाख से 3.5 लाख रुपये तक खर्च करते हैं और इस वैकल्पिक ईंधन प्रौद्योगिकी को अपनाकर वे ईंधन की लागत में 1.5 लाख रुपये तक की बचत कर सकते हैं। गडकरी ने कहा है कि सरकार ट्रैक्टरों पर सीएनजी किट को फिट करने के लिए केंद्रों की स्थापना करेगी और हर जिले में ऐसे केंद्र स्थापित करने की योजना है।
सोनालिका ने पेश किया इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर
बता दें कि यह भारत का पहला ऑल-इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर नहीं है। पिछले साल दिसंबर में, Sonalika (सोनालिका) ट्रैक्टर्स ने देश में अपना इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर Tiger (टाइगर) लॉन्च किया था। वाहन निर्माता सोनालिका के मुताबिक टाइगर को यूरोप में डिजाइन किया गया है। हालांकि इसे पूरी तरह से देश में तैयार किया गया है। टाइगर एक मॉडर्न IP67 कंप्लायंट 25.5 kW नेचुरल कूलिंग कॉम्पैक्ट बैटरी के साथ आता है।
सोनालिका टाइगर की खूबियां
सोनालिका के अनुसार, उनकी इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर टाइगर में परंपरागत रूप से इस्तेमाल किए जाने वाले डीजल ट्रैक्टरों की तुलना में सिर्फ एक-चौथाई लागत आती है। इसे घर में एक रेगुलर होम चार्जिंग पॉइंट का इस्तेमाल कर सिर्फ 10 घंटों में फुल चार्ज किया जा सकता है। इस इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर की टॉप स्पीड 24.93 किलोमीटर प्रति घंटा है। टाइगर 2-टन ट्रॉली के साथ काम करते हुए 8 घंटे का बैटरी बैकअप देती है। यह एक फास्ट-चार्जिंग सिस्टम के साथ भी उपलब्ध है जो सिर्फ 4 घंटे में ट्रैक्टर को फुल चार्ज कर देती है। इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर टाइगर की एक्स-शोरूम कीमत 5.99 लाख रुपये है।